शिवपुरी। सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम तानपुर में संचालित गौशाला को लेकर एक युवक ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। ग्राम तानपुर निवासी अरुण रावत ने शिकायत में गौशाला में लापरवाही के चलते गौवंश की मौत होने, मृत पशुओं के शव नदी और रास्ते के किनारे फेंके जाने तथा इससे हिंसक कुत्तों का खतरा बढ़ने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि मृत गौवंश के शवों को कुत्तों व अन्य जानवरों द्वारा नोचा जाता है, जिसके कारण आसपास से निकलने वाले राहगीरों पर भी खतरा बना रहता है। उसने दावा किया कि उसके पिता सहित कुछ ग्रामीणों को आवारा कुत्ते काटकर घायल कर चुके हैं। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में फोटो और वीडियो भी उपलब्ध होने की बात कही है।
अरुण रावत के अनुसार, उसने गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर फोटो-वीडियो बनाकर आवाज उठाई तो संचालिका द्वारा उसे धमकियां दी गईं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उसके खिलाफ झूठी शिकायत कर पुलिस केस में फंसाने तथा गौशाला कर्मचारियों के माध्यम से नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।
शिकायत में 13 अगस्त की घटना का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि युवक सुबह गौवंशों को खीर खिलाने गया था। बाद में गौशाला निरीक्षण के दौरान उस पर गौवंशों को जहरीली खीर खिलाने का आरोप लगाए जाने की बात सामने आई। युवक ने आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि गौशाला के एक कर्मचारी ने भी खीर में जहर नहीं होने और स्वयं उसके चखने की बात कही है।
युवक ने एसपी से गौशाला का औचक एवं निष्पक्ष निरीक्षण कराने, पूरे मामले की जांच करने तथा उसे झूठे प्रकरण में फंसाने अथवा नुकसान पहुंचाने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।





