Press "Enter" to skip to content

बेकाबू ट्रक ने खुशियों को बदला मातम में, डांस कर रहे बाराती की मौत, दो घायल

शिवपुरी। दिनारा में आयोजित एक विवाह समारोह में उस समय खुशियां मातम में बदल गईं जब वधू पक्ष के द्वार पर बारात पहुंची। जहां दूल्हे का तिलक किया जा रहा था वहीं बाराती डांस कर रहे थे। तभी बारात में एक बेकाबू ट्रक घुस गया जिससे वहां डांस कर रहे एक युवक कृष्ण कुमार भार्गव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि दो अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें करैरा इलाज के लिए लाया गया है। घटना के बाद बारात में भगदड़ मच गई और पूरा माहौल शोकमय हो गया। आनन फानन में विवाह की अन्य रस्में दुखी मन से परिवार के लोगों ने पूरी कराईं। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक के खिलाफ भादवि की धारा 279, 337 और 304 ए के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। 
ग्राम ढला निवासी प्रमोद मिश्रा के पुत्र का विवाह दिनारा में अशोक होटल के पास स्थित विनोद गुप्ता सिलानगर वालों के मैरिज गार्डन से हो रहा था। जहां वर और वधू पक्ष दोनों एकत्रित हुए थे। रात्रि में बारात उठाई गई। जहां बारात में मौजूद हर व्यक्ति खुश था और अपनी खुशी का इजहार डांस कर किया जा रहा था। रात्रि करीब 1:45 बजे बारात वधू पक्ष के द्वार पहुंची। इस दौरान फिल्मी गीतों पर बाराती झूम रहे थे वहीं दूल्हे का तिलक किया जा रहा था। इसी दौरान करैरा की ओर से आ रहा एक ट्रक क्रमांक आर जे 09 जीडी 1572 काल बनकर डांस कर रहे बारातियों के बीच घुस आया। जिससे वहां डांस कर रहा दूल्हे का रिश्तेदार कृष्णकुमार पुत्र ओमकार लाल भार्गव उम्र 29 वर्ष निवासी बामौर डामरोन हाल निवासी करैरा ट्रक की चपेट में आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि दो अन्य बाराती इस घटना में घायल हो गए। घटना के बाद वहां चीख पुकार शुरू हो गई और भगदड़ मच गई। अचानक हुए इस हादसे के बाद खुशी के रंग में डूबा हर व्यक्ति विवाह की खुशियां छोड़कर बचाव कार्य में जुट गया। और घायलों को सीधे अस्पताल ले गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को वहां से उठाकर पीएम हाउस भिजवा दिया।  
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!