शिवपुरी। शिवपुरी क़ृषि उपज मंडी में किसानों के साथ तुलाई के नाम पर खुली लूट के गंभीर आरोप सामने आए हैं। किसानों का कहना है कि मंडी में उनकी उपज का सही वजन नहीं किया जा रहा, जिससे उन्हें प्रतिदिन भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, तुलाई के दौरान 40 किलो में करीब 2 किलो तक कटौती की जा रही है, वहीं एक कुंटल पर लगभग 5 किलो तक कम तौल किया जा रहा है। जिलेभर से रोजाना मंडी पहुंचने वाले करीब 500 किसानों की प्याज तुलाई में यह गड़बड़ी सामने आ रही है।
किसानों का आरोप है कि एक ट्रॉली में औसतन 1 कुंटल 25 किलो तक की सीधी कटौती हो रही है। इस हिसाब से प्रतिदिन करीब 500 ट्रॉलियों में लगभग 1000 कुंटल तक का नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह पूरा मामला मंडी प्रशासन की मिलीभगत से होने का आरोप लगाया जा रहा है। किसानों का कहना है कि मंडी परिसर में तुलाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें व्यापारियों के निजी गोदामों पर तुलाई करानी पड़ रही है, जहां धांधली और कम तौल की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।
भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से मांग की है कि मंडी में पारदर्शी और निष्पक्ष तुलाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उनकी मेहनत की कमाई सुरक्षित रह सके।










Be First to Comment