
भोपाल। मुरैना में रेत से भरे ट्रैक्टर से कुचलने से डिप्टी रेंजर की मौत हो गई। आरोप है कि रेत माफिया पर कार्रवाई किए जाने के दौरान जानबूझकर उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।पुलिस के मुताबिक, नेशनल हाइवे-3 पर बनी चेक पोस्ट पर सूबेदार सिंह ड्यूटी पर तैनात थे। वे अन्य कर्मियों के साथ अवैध खनन कर रहे वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। सुबह करीब आठ बजे उन्होंने एक ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, लेकिन पीछे से आ रहे दूसरे ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया।
घटना के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि घटना में शामिल किसी भी ट्रैक्टर चालक और मालिक का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विदित हो कि खनन माफियाओं ने 8 मार्च 2012 को आईपीएस अफसर नरेंद्र सिंह की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी थी। नरेंद्र सिंह अवैध खनन की सूचना मिलने पर कार्रवाई करने पहुंचे थे, जहां चालकों ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था।
कमलनाथ ने कहा- कब रुकेगी निर्दोषों की हत्या ?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा, शिवराज सरकार में प्रदेश में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। इससे पहले भी मुरैना में आईपीएस नरेंद्र कुमार की हत्या कर दी गई थी। आखिर प्रदेश में अवैध रेत खनन और निर्दोषों की हत्या कब रुकेगी ?






Be First to Comment