
सिवनी। दुनिया में घटती बाघों की आबादी भले ही चिंता का विषय हो, लेकिन मध्यप्रदेश का पेंच नेशनल पार्क इसका अपवाद है। पेंच नेशनल पार्क में 2011 में बाघों की संख्या घटकर 25 रह गई थी। पिछले 8 सालों में यहां वयस्क बाघों की संख्या बढ़कर दोगुनी हो गई है।
यहां 14 बीडिंग बाघिन की मौजूदगी है, जिनके शावकों से पेंच का जंगल गुलजार हो रहा है। सबसे ज्यादा शावकों को जन्म देने वाली पेंच नेशनल पार्क की सुपर मॉम ‘कॉलरवाली” बाघिन पर पूरे विश्व की निगाहें हैं। पिछले 11 सालों में पार्क की मशहूर ‘कॉलरवाली” बाघिन ने 29 बाघों को जन्म देकर नया कीर्तिमान बनाया है। रणथंभौर की मशहूर ‘मछली” बाघिन की 20 साल की उम्र में मौत के बाद देश व दुनिया के बाघ प्रेमियों की नजरें पेंच की ‘कॉलरवाली” बाघिन पर टिकी हुई हैं।
भरोसेमंद मां व पेंच की क्वीन के तौर पर पहचान
उम्र के 14वें साल में पहुंचने के बावजूद पूरी तरह तंदुरुस्त ‘सुपर मॉम” बाघिन की चहलकदमी कम नहीं हुई है जबकि बाघ-बाघिन की औसत उम्र 15 वर्ष मानी जाती है। नन्हें शावकों को ताकतवर नर बाघ से बचाकर वयस्क होते तक उनकी देखभाल करने वाली कॉलरवाली बाघिन को वन्यजीव विशेषज्ञ भरोसेमंद ‘मां” मानते हैं।
कॉलरवाली बाघिन को ‘पेंच की क्वीन” के नाम से भी पर्यटक जानते हैं। 25 में से 21 शावक वयस्क होने तक इस बाघिन के साथ रहे हैं। दिसंबर 2018 में आठवीं बार जन्मे 4 शावक बाघिन के साथ रह रहे हैं।
- कॉलरवाली बाघिन का जन्म 2005 में 4 शावकों के साथ हुआ।
- मार्च 2008 में बाघिन को कॉलर लगाया, जिससे यह नाम पड़ा।
- 25 मई 2008 में 3 शावकों को जन्म दिया, जो जीवित नहीं रह पाए।
- 10 अक्टूबर 2008 में जन्मे 4 शावकों में 3 नर व 1 मादा जीवित।
- 5 अक्टूबर 2010 में जन्मे 5 शावकों में 1 नर व 4 मादा जीवित।
- 15 मई 2012 में जन्मे 3 शावकों में 1 नर व 2 मादा शामिल। एक की कुछ दिनों बाद मौत हो गई।
- 16 अक्टूबर 2013 में जन्मे 3 शावकों में सभी नर युवावस्था तक जीवित।
- 6 अप्रैल 2015 में जन्मे 4 शावकों में 2 नर व 2 मादा जीवित।
- जनवरी 2017 में जन्मे 3 शावकों में सभी जीवित।
दिसंबर 2018 में जन्मे 4 शावक बाघिन के साथ बने हुए हैं।
(पेंच प्रबंधन के रिकार्ड अनुसार)
इनका कहना है
पेंच में 14 ब्रीडिंग बाघिन मौजूद हैं, जो पार्क में बाघों की संख्या लगातार बढ़ा रही हैं। 29 शावकों को जन्म देने का रिकार्ड बना चुकी ‘कॉलरवाली” बाघिन, वन्यजीव प्रेमियों व विशेषज्ञों में मशहूर है।





Be First to Comment