शिवपुरी। शिवपुरी शहर के फतेहपुर क्षेत्र निवासी होटल संचालक विकास उर्फ विक्की धाकड़ की संदिग्ध मौत के मामले में पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर एसपी शिवपुरी को आवेदन सौंपा गया है।
आवेदन के अनुसार 26 अप्रैल 2026 की सुबह विकास धाकड़ के मोबाइल पर पीयूष मौर्य का कॉल आया था। इसके बाद विकास अपने महाकाल होटल, बस स्टैंड शिवपुरी पहुंचे। दोपहर में परिवार से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वह दोस्तों के साथ डबरा में एक परिचित के यहां शोक कार्यक्रम में जा रहे हैं और रात तक वापस लौट आएंगे।
परिजनों का कहना है कि रात तक विकास घर नहीं लौटे। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन बंद मिला। अगले दिन परिवार ने पीयूष मौर्य से संपर्क किया तो उसने कथित तौर पर बताया कि रास्ते में विकास से विवाद हो गया था, इसलिए उसे वहीं छोड़ दिया गया।
पीड़िता के अनुसार जब कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत की गई तो तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी बीच 27 अप्रैल को थाना गोराघाट जिला दतिया से फोन आया कि विकास धाकड़ की हत्या हो चुकी है और शव की पहचान के लिए परिजन पहुंचे।
परिजनों ने दतिया अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त की। 28 अप्रैल को पोस्टमार्टम के बाद शिवपुरी में अंतिम संस्कार किया गया। पत्नी का आरोप है कि पति की मौत सामान्य नहीं बल्कि हत्या है और इसमें साथ गए लोगों की भूमिका संदिग्ध है।
पीड़िता ने आवेदन में निष्पक्ष जांच, मोबाइल कॉल डिटेल की जांच और संबंधित लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।







Be First to Comment