
लुकवासा।
आम जनता की समस्या को देखते शासन ने आठ साल पहले ग्राम लुकवासा से खरई तक
के मार्ग को स्वीकृति दे दी थी लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के चलते यह सड़क
आठ साल गुजर जाने के बाद भी नहीं बन सकी है। गौर करने वाली बात है कि इस
मार्ग का भूमि पूजन क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया काफी समय पहले
कर चुके हैं लेकिन जिम्मेदार विभाग ने आज तक निर्माण शुरू करने की जेहमत
नहीं उठाई है। इधर लुकवासा, खरई, रांची, झाड़ेल, ऊदली, हिनोतिया, पाएगा
सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग दलदलनुमा मार्ग से परेशान हो रहे
हैं। इन दिनों बारिश का सीजन होने के कारण यह मार्ग पूरी तरह से दलदल में
तब्दील हो चुका है। स्थिति यह है कि इस मार्ग से वाहन चालक तो क्या पैदल
निकलना भी मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों की इस परेशानी की ओर न तो
जनप्रतिनिधियों का ध्यान है और न अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी का एहसास।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक यह मार्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के
तहत आठ साल पहले स्वीकृत हुआ था। इस मामले में एक और खास बात यह है कि इसी
मार्ग पर जनपद अध्यक्ष शकुन बाई जाटव का निवास है लेकिन प्रशासनिक उदासीनता
के आगे जनप्रतिनिधि भी वेवश नजर आ रहे हंै। इसके अलावा इसी मार्ग पर
छात्रावास भी स्थित है जहां रहने वाली छात्राओं को भी इसी परेशानी का सामना
करना पड़ रहा है।
पानी भरने तक नहीं जा पा रहे
मार्ग की
हालत इतनी बद्तर है कि ग्रामीण इस सड़क से होकर बर्तन लेकर पानी भरने तक
नहीं जा पा रहे हैं। बमुश्किल चप्पल निकालकर पैदल चल पाते हैं। यदि कोई ऐसा
नहीं करता तो उसके जूता चप्पल कीचढ़ में फंस जाते हैं। जिन लोगों को इस
मार्ग की जानकारी नहीं है वे इस मार्ग में फंसकर घायल तक हो जाते हैं।
रामकृष्ण जाटव, ग्रामीण






Be First to Comment