Press "Enter" to skip to content

व्यापारियों से 70 लाख का कर्ज लेकर फरार हुआ सर्राफा व्यवसायी, मोटे ब्याज के लालच में ग्राहक भी फंसे


दर्ज हुआ अमानत में ख्यानत का मामला

शिवपुरी। सुनार गली में हरियाणा ज्वैलर्स के नाम दुकान संचालित करने वाला नीटू उर्फ प्रवीण सोनी शिवपुरी सहित कोलारस के व्यवसायियों से 70 लाख रूपये कर्ज लेकर शहर छोड़कर भाग गया। मोटे ब्याज का लालच देकर उसने व्यापारियों को फंसा लिया था। यहां तक कि उक्त ज्वैलर्स ने अपने ग्राहकों को भी नहीं छोड़ा और एक ग्राहक से सोने की चूड़ी बनाने के नाम पर 75 हजार रूपये एडवांस ले लिया और उन्हें माल भी नहीं दिया। ज्वैलर्स के फरार होने के बाद से ही ग्राहक और कर्जदार उसकी दुकान और घर पर चक्कर लगा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने एक ग्राहक की रिपोर्ट पर से आरोपी ज्वैलर्स के खिलाफ भादवि की धारा 406 अमानत में ख्यानत का मामला दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि आरोपी ने 5 प्रतिशत ब्याज पर लोगों से कर्जा ले रखा था और ब्याज की राशि अधिक होने के कारण वह उक्त कर्ज को चुकता करने में असमर्थ हो गया तो दो माह पूर्व ही उसने परिवार सहित शिवपुरी छोड़ दी। तभी से कर्जदार उसकी तलाश कर रहे हैं। लुटे-पिटे लोग अपना नाम उजागर करने से भी डर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने 5 से 10 प्रतिशत ब्याज पर आरोपी को कर्जा दिया था। 
जानकारी के अनुसार हनुमान कॉलोनी पोहरी बस स्टेण्ड के पास निवासरत श्रीमती छाया पत्नी चंद्रशेखर त्रिवेदी दो माह पूर्व आरोपी नीटू उर्फ प्रवीण सोनी की दुकान पर सोने की चूड़ियां बनवाने के लिए गईं थीं। उस समय नीटू ने एडवांस के रूप में 75 हजार रूपये उक्त महिला से ले लिया और शेष रकम चूड़ी बनने के बाद देना तय हुआ। पीड़िता के अनुसार रूपये देने के बाद वह तय समय के बाद आरोपी की दुकान पर पहुंची तो वहां ताला लगा हुआ था यही स्थिति उसके जल मंदिर झिरिया वाली गली में निवास स्थान पर बनी थी। तबसे ही पीड़िता आरोपी की दुकान और मकान पर चक्कर लगा रही थी, लेकिन बाद में उसे पता चला कि ज्वैलर्स शहर छोड़कर भाग गया और उसने अपना मकान भी बेच दिया है तब पीड़िता पुलिस की शरण में पहुंची। जहां पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर से आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!