नोटबंदी के समर्थन के बाद अमर सिंह की मांग-‘अब मोदी जी को 5000 का नोट भी चला देना चाहिए’
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने नोटबंदी का समर्थन करने के बाद अब 5000 का नया नोट चलाने की मांग कर दी है.
दो हज़ार का नया नोट चलाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि ‘मैं मोदी जी से अपील करता हूं कि अब उन्हें जल्दी से जल्दी एक 5000 का भी चला देना चाहिए.’

पिछले 10 दिनों में मुलायम सिंह यादव से अखिलेश की 15वीं बार शिकायत करने के बाद अमर सिंह संवाददाताओं से बात कर रहे थे. अपनी बात को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि ‘500 की जगह तो 2000 का आ गया लेकिन 1000 वाले का क्या? उसकी जगह पे भी तो कुछ आना चाहिए ना! अगर दो नोट बंद हुए हैं तो बदले में दो ही आने चाहिए.’
‘दो हज़ार का नोट चलने से आप इतना ख़ुश क्यों हैं?, इस पर अमर जी ने कहा कि ‘500 और 1000 के नोट ग़रीब विरोधी थे. अगर किसी ग़रीब आदमी के पास दो सूटकेस ना हों तो वो बेचारा क्या करेगा. अपने बाक़ी के नोटों को वो कहां रखेगा? बोलो!’
उन्होंने आगे कहा- ‘मोदी जी का यह फ़ैसला देश को बहुत आगे ले जाएगा क्योंकि अब दूसरे सूटकेस पर खर्च होने वाला सारा पैसा बच जाएगा और उस पैसे का इस्तेमाल देश के निर्माण में हो सकेगा.’
‘और सच बताऊं तो 500 और 1000 के नोट मुझे पर्सनली कभी अच्छे लगे ही नहीं! ना उनका कलर अच्छा था और ना साइज़!’ -यह कहकर वो मोबाइल पर किसी डील की बात में बिज़ी हो गए!
उधर, बीजेपी में आज लगातार दूसरे दिन भी इस रहस्य पर चर्चा होती रही कि अमर सिंह ने नोटबंदी का समर्थन क्यों किया. बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कैबिनेट के सभी सदस्यों से इसकी वजह पूछी लेकिन किसी के पास कोई जवाब नहीं था. कुछ सदस्यों का कहना था कि ‘हमें सीबीआई जांच बिठा देनी चाहिए, नोट का नोट और पानी का पानी हो जाएगा!’ अंतिम समाचार लिखे जाने तक बैठक जारी थी.
(ये खबर फेकिंग न्यूज के फेसबुक पेज से ली गई है इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है)





Be First to Comment