
केदार सिंह गोलिया, शिवपुरी। बढ़ते अपराध और असामाजिक गतिविधियों से शहर को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शहर में पुलिस द्वारा शहर के व्यस्ततम 30 स्थानों को सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए चिन्हित किया गया। कैमरा लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। अभी तक शहर के 26 पॉइंटों पर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं, शेष कैमरा लगाने का कार्य जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद भीड़भाड़ वाले इलाकों में कैमरों की निगरानी शुरू हो जाएगी। पुलिस कंट्रोल रूप में पुलिस शहर की गतिविधियों पर नजर रखेगी। शहर में कुल 172 कैमरा लगाए जाने थे, लेकिन फिलहाल शहर में 150 के करीब कैमरा लगाए जाएंगे क्योंकि कुछ चिन्हित स्थान जैसे फिजीकल चौराहा, भदैयाकुंड आदि पर सड़क निर्माण का कार्य अपूर्ण है इस कारण इन स्थानों पर कैमरे बाद में लगाए जाएंगे। शहर में कैमरे शुरू होने के साथ ही पुलिस को अपराधों पर अंकुश लगाने एवं अपराधियों की पहचान करने में मददगार साबित होंगे।
विदित हो कि शहर के माधव चौक, गॉधी चौक, गुरुद्वारा चौक, न्यूब्लॉक चौराहा, ग्वालियर नाका चौराहा, गुना नाका चौराहा, पोहरी वायपास चौराहा, झांसी तिराहा, अस्पताल चौराहा, नीलगर चौराहा, आईटीआई तिराहा, सुभाष चौक, राधारमण मंदिर, अस्पताल का गेट, गेलेक्सी कोचिंग, सब्जी मंडी, सराफा बाजार, फिजीकल चौराहा, दो बत्ती, राजेश्वरी मंदिर, फतेहपुर चौराहा, कोर्ट रोड चौराहा, खिन्नी नाका चौराहा, छत्री, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कस्टम गेट, भदैया कुंड, एम एम हॉस्पिटल इलाकों में 172 कैमरे निगरानी के लिए लगाए जा रहे हैं। 109 कैमरे स्थिर रहकर शहर की सड़कों की निगरानी करेंगे वहीं पीटी जेड प्रकार के कुल 30 कैमरे जो 360 डिग्री के कोण पर घूम सकते हैं उन्हें भी लगाया जा रहा है। इसके अलावा 4 स्थानों पर 32 ऐसे कैमरे लगाए जा रहे हैं जो वाहनों की नंबर प्लेट पहचान कर नियम तोडऩे वालों को पुलिस की नजर में लाएंगे। एएनपीआर तकनीक के ये 32 कैमरे होंगे।
फाइबर लाइन का काम पूरा होते ही शुरू हो जाएंगे कैमरे
कैमरा लगाने वाली कंपनी के प्रोजेक्ट इंजीनियर हिमांशु शेखर ने बताया कि अभी तक 26 पॉइंटों पर 100 कैमरे लगाने का कार्य पूर्ण हो चुका है शेष कैमरे कुछ ही दिनों में लगा दिए जाएंगे। बीएसएनएल द्वारा फाइबर लाइन बिछाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है जैसे ही यह कार्य पूर्ण हो जाएगा तो कैमरे शुरू हो जाएंगे। बीएसएनएल द्वारा फाइबर लाइन बिछाने का कार्य पाँच-छह दिन में पूर्ण करने की बात कही जा रही है।
एक महीने तक रिकॉर्डिंग करने की क्षमता है कैमरों में
प्रोजेक्ट इंजीनियर श्री शेखर ने बताया कि यदि फाइबर लाइन में कोई गतिरोध नहीं आया तो सीसीटीवी कैमरों में लगातार एक महीने तक रिकॉर्डिंग की जा सकती है। बकौल प्रोजेक्ट इंजीनियर, कैमरों में विभिन्न टेक्नीकिल सुविधाएं हैं, साथ ही कैमरों की पिक्चर क्वालिटी बेहतर है।
सभी कैमरों का पुलिस कंट्रोल रूम से होगा संचालन
शहर में लगाए जा रहे सभी सीसीटीवी कैमरों का संचालन पुलिस कंट्रोल रूम से किया जाएगा, जहां से पुलिस द्वारा कंपनी के कर्मचारियों की मदद से कैमरों का संचालन किया जाएगा। पुलिस हर पॉइंट पर लगने वाले कैमरों की मदद से शहर की कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा पर नजर रखेगी।
इनका कहना है
शीघ्र ही शहर में सीसीटीवी कैमरों का संचालन प्रारंभ हो जाएगा, इसके साथ ही कैमरों की मदद से पुलिस शहर की गतिविधियों पर नजर रख सकेगी जिससे अपराधों पर भी अंकुश लगेगा।
राजेश हिंगणकर
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी







Be First to Comment