Press "Enter" to skip to content

10वीं के छात्र ने मोबाइल गेम में 10 हजार रुपए हारने पर खुद को आग लगा ली, 2 दिन तक तड़पता रहा फिर मौत हो गयी / #उत्तरप्रदेश

लखनऊ

मोबाइल पर शर्त लागकर गेम खेलने के चलते कई लोगों से लिया था उधार।

लखनऊ में मोबाइल गेम खेलते हुए 10 हजार रुपए हारने पर 10वीं के छात्र ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। परिजनों ने गंभीर हालत में उसको सिविल हॉस्पिटल में सोमवार सुबह भर्ती कराया। 2 दिन दर्द से तड़पने के बाद बुधवार को छात्र की मौत हो गई। छात्र शिवा कश्यप 17 साल का था। मोबाइल गेम खेलने के लिए दोस्तों और रिश्तेदारों से रुपए उधार लिए थे।

वहीं, पुलिस की छानबीन में एक और कहानी भी सामने आई है। पड़ोसियों का कहना है कि शिवा को उसके पिता ने 1 दिन पहले पीटा था। चर्चा थी कि उनके एक रिश्तेदार का मोबाइल गायब हो गया था।

चचेरे भाई ने कहा-वो शर्त लगाकर गेम खेलता था, उधार बढ़ने से परेशान था
बंथरा में रहने वाले बृजेश कश्यप सिक्योरिटी गार्ड हैं। उनका बेटा शिवा हाईस्कूल का छात्र था। उसने पिता से पढ़ाई करने के नाम पर स्मार्टफोन खरीदवाया था। शिवा उससे ऑनलाइन गेम खेलता था। साथ ही, मोहल्ले के लड़कों के साथ शर्त लगाकर गेम खेलता था।

चचेरे भाई अनुभव ने बताया कि शिवा मोबाइल गेम की हार-जीत की बाजी लगाकर कुछ हजार रुपया हार गया था।

परिचितों से करीब दस हजार रुपया से ज्यादा उधार ले रखा था। कुछ दिन पहले शिवा ने इसी उधार को चुकाने के लिए अपने चचेरे-ममेरे भाइयों से मदद भी मांगी थी। लेकिन रुपयों का इंतजाम नहीं हो सका था।

चीख-पुकान सुनकर परिजन बाहर आए तो शिवा को आग की लपटों में देखा
अनुभव के मुताबिक, सोमवार सुबह शिवा घर से अचानक बाहर आया। उसने अपने पापा की बाइक से पेट्रोल निकाला। फिर खुद पर उड़ेलने लगा। चीख-पुकार की आवाज सुनकर परिजन बाहर आए तो आग की लपटों के बीच शिवा को देखकर दहल गए। किसी तरह से शिवा के कपड़ों की आग बुझाई।

फिर उसको लेकर सिविल हॉस्पिटल पहुंचे। यहां उसको बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, शिवा करीब 60% झुलस गया था।

पड़ोसियों के मुताबिक, इस घटना के बाद एक और कहानी चर्चा में है…
मोबाइल गायब होने पर पड़ी थी डांट

बृजेश कुमार के पड़ोसियों से पुलिस पूछताछ में एक और कहानी भी सामने आई। इसमें शिवा के एक रिश्तेदार का मोबाइल फोन गायब हो गया था। जिसे लेकर पिता ने उसको पीट दिया था। इसके बाद ही शिवा ने खुद को आग लगा ली थी।

इंस्पेक्टर हेमंत राघव ने बताया कि छात्र के आग लगाकर खुदकुशी करने की जानकारी परिवार ने नहीं दी है। घटना के विषय में जानकारी की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from उत्तरप्रदेशMore posts in उत्तरप्रदेश »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!