शिवपुरी। शासकीय पीजी महाविद्यालय में निर्भया पुलिस टीम द्वारा मप्र पुलिस के ऐप एमपी कॉप के बारे मे जानकारी दी एवं सभी छात्र-छात्राओं से ऐप डाउनलोड कराकर छात्र-छात्राओं के ऐप पर रजिस्ट्रेशन कराए।
ऐप की जानकारी देते हुए निर्भया प्रभारी दीप्ती तोमर ने छात्र-छात्राओं को बताया कि लोगों संदिग्ध गतिविधि पर ध्यान जाने के बाद भी उसकी पुलिस में शिकायत करने से लोग घबराते हैं, लेकिन अब किसी भी तरह की गतिविधि की जानकारी पुलिस को बेखौफ होकर दी जा सकेगी। मप्र पुलिस के ऐप एमपी कॉप में पुलिस को किसी भी तरह की सूचना देने का विकल्प जोड़ा गया है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि सूचना देने वाली की पहचान भी सुरक्षित रखी जाएगी। साथ ही साथ छात्रों को समझाया की उन्हें छात्राओं को अपनी बहन के समान इज्जत देनी चाहिए और उनका सम्मान करना चाहिए। इस एप को गूगल प्ले से डाउनलोड किया जा सकता है।
इस ऐप के द्वारा घर बैठे ही पुलिस में शिकायत दर्ज हो सकेगी। ज्यादातर देखा गया है कि आम लोगों में यह भय रहता है कि थाने जाकर शिकायत करने या जानकारी देने में उनका नाम सामने आ जाता है। ऐसे में विरोधी पक्ष द्वारा बाद में उलझने व धमकाने का डर भी बना रहता है। जानकारी होने के बाद भी लोग चुप रहते है। इस ऐप के आने के बाद व्यक्ति घर बैठे शिकायत दर्ज कर सकेगा। इस ऐप में आपातकालीन मदद (एसओएस) का फीचर भी दिया गया है, लेकिन इसका प्रयोग करने से पहले आपको लॉग इन करना होगा। साथ ही अपने परिजनों का नंबर एड करना होगा। किसी भी आपात स्थिति में जहां आपको मदद की जरूरत हो सिर्फ बटन दबाने भर से पुलिस सहित परिचितों के पास आपका संदेश पहुंच जाएगा और उन्हें आपकी लोकेशन भी पता रहेगी।
साथ ही साथ तोमर ने सवाल जवाब करते हुए विशेष तौर पर छात्राओं को बताया कि जुल्म करने वाले और जुल्म सहने वाले बराबर के दोषी होते हैं। यदि कोई भी व्यक्ति छात्राओं से दुर्व्यवहार यह कुछ भी गलत कृत्य करता है तो छात्राएं सीधा मुझे बताएं। मेरे एवं पुलिस प्रशासन के द्वारा आरोपितों पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी साथ ही साथ छात्राओं तथा उनके परिवार जनों की गोपनीयता का भी ख्याल रखा जाएगा। तोमर ने विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने एवं ट्रैफिक नियमों का पालन करने की भी सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान निर्भया टीम से निर्भया प्रभारी दीप्ति तोमर, एसआई आमिर कुर्रेशी, शबाना मौजूद रहे। इसके साथ ही महाविद्यालय से अतिथि विद्वान रामजी दास राठौर, आदित्य पाठक, अनुरंजन चतुर्वेदी, अभिषेक बाल्मीकि, सारंग भार्गव, देवेश धानुक, हिमांशु अग्रवाल, आमिर खान, तोशी गुप्ता, नैंसी जैन तथा महाविद्यालय के एक सैकड़ा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






Be First to Comment