शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बदरवास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 60 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से आरोपी मदन उर्फ मदनलाल भील (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। जब्त शराब की कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मांगरोल पुल के पास नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर एक व्यक्ति प्लास्टिक की केनों में कच्ची शराब भरकर बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो प्लास्टिक की केनों में 30-30 लीटर, कुल 60 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद हुई। शराब के संबंध में वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 350/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
एसपी के निर्देश पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी नवीन यादव, सहायक उपनिरीक्षक राकेश शिवहरे, प्रधान आरक्षक शर्मा, अनिल सेंगर, अनित बुनकर, आरक्षक रिंकू माहौर, सदन भिलाला, पुष्पेन्द्र रावत और चालक आरक्षक दीनू रघुवंशी की भूमिका रही।
बदरवास पुलिस की कार्रवाई: 60 लीटर कच्ची शराब के साथ मदनलाल भील गिरफ्तार, 6 हजार की शराब जब्त / Shivpuri News



