
शिवपुरी। डिजीयाना ग्रुप डिजीयाना न्यूज भोपाल द्वारा लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रखकर शहर-शहर जाकर चुनावी चौपाल (डिवेट) का सार्वजनिक स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं जिसमें शहर के गणमान्य प्रबुद्धजन, मीडियाकर्मी, राजनैतिक व्यक्ति एवं आमनागरिक उपस्थित होकर अपने विचार रखते हैं। उसी क्रम में डिजियाना न्यूज द्वारा दिनांक 30 अप्रैल 2019 को सावरकर पार्क में शाम 5 बजे चुनावी डिवेट आयोजित की गई जिसमें आमजन द्वारा चुनाव के संबंध में एवं राजनैतिक प्रतिनिधियों के बारे में अपने विचार व्यक्त किये जा रहे थे। तभी आक्रोशित होकर उक्त डिवेट में शहर शिवपुरी के के.बी. शर्मा उर्फ लालू पुत्र स्व. जयकिशन शर्मा निवासी मुदगल कॉलोनी मनियर शिवपुरी द्वारा मड़ीखेड़ा जलावर्धन योजना के संबंध में राजनैतिक प्रतिनिधि यशोधरा राजे सिंधिया के संबंध में अभद्र गाली सूचक शब्द का उपयोग कर सिंधिया परिवार के बारे में अशोभनीय टिप्पणी की गई जो आमजन व प्रबुद्धजन को अशोभनीय प्रतीत हुई है। इसकी शिकायत योगेश शर्मा पुत्र विष्णु प्रसाद शर्मा (विधायक प्रतिनिधि शिवपुरी) निवासी खेड़ापति कॉलोनी झांसी रोड शिवपुरी ने देहात थाने पहुंचकर आवेदन के माध्यम से की। आवेदन में उल्लेख किया कि उक्त अशोभनीय टिप्पणी से सम्मानीय जनप्रतिनिधि के प्रति गाली सूचक टिप्पणी से शहरवासियों में आक्रोश व्याप्त है। इस कारण उक्त टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के.बी. शर्मा के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध करना न्यायसंगत है। फरियादी की शिकायत पर से देहात पुलिस आरोपी केवी शर्मा और लालू के खिलाफ भादवि की धारा 294, 188 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।




