,

6 महीने पहले घर के बाहर से चोरी हुई बाइक, रन्नौद पुलिस पर FIR दर्ज नहीं करने का आरोप; विनोद आदिवासी ने SP से लगाई गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम विजयपुरा निवासी विनोद आदिवासी ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। फरियादी ने 16 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मोटरसाइकिल चोरी की एफआईआर दर्ज कराने और वाहन बरामद करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, विनोद आदिवासी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 33 ZK 5091 26 जून 2026 की रात करीब 11 बजे उसके घर के बाहर खड़ी थी। जब वह मोटरसाइकिल को घर के अंदर रखने के लिए बाहर आया, तो बाइक गायब मिली। इसके बाद उसने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मोटरसाइकिल के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।

विनोद का आरोप है कि 27 जून को मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वह रन्नौद थाने पहुंचा, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। फरियादी के मुताबिक, वह पिछले कई महीनों से थाने के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई और न ही मोटरसाइकिल की तलाश के लिए उचित कार्रवाई हुई।

फरियादी ने आवेदन में बताया कि चोरी हुई मोटरसाइकिल की किस्तें अभी भी भरनी पड़ रही हैं। एफआईआर दर्ज नहीं होने के कारण उसकी सिविल खराब होने की भी चिंता है। विनोद आदिवासी ने पुलिस अधीक्षक से अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने, मामले की जांच कराने और चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद करवाने की मांग की है।