ग्रामीणों ने लिया गांव को मच्छर व डेंगू मुक्त बनाने का संकल्प
पिछोर। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर गोदरेज के सहयोग से फेमिली हेल्थ इंडिया, जिला स्वास्थ्य समिति व कल्पतरु संस्था के संयुक्त तत्वाधान में क्रियान्वित एम्बेड परियोजना के तहत विभिन्न गतिविधयों का आयोजन किया गया। डाॅ. एएल शर्मा सीएमएचओ के मार्गदर्शन में क्रियान्वित कार्यक्रम के तहत ग्राम रूपनवारा खनियांधाना में प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें इस समय सामाजिक दूरी को कायम रखते हुए ग्रामीणों को डेंगू से बचाव हेतु आवश्यक जानकारी से अवगत कराया गया।
इस दौरान एम्बेड टीम द्वारा घर-घर जा कर पानी भंडारण का निरीक्षण किया गया और मच्छर के लार्वा को नष्ट करने की कार्रवाई की गई।
इस अवसर पर उपस्थित जनपद सदस्य खनियांधाना सोनू सोनवानी द्वारा ग्रामवासियों को घर में ही रह कर, घर की साफ़ सफाई करने तथा मच्छर का लार्वा पैदा होने वाले संभावित स्थानों जैसे घर के छप्पर के भरे पानी, कूलर, गमलों, पुराने टूटे बर्तनों, मटकों एवं कबाड़ को साफ़ करके मच्छरों की पैदाइश को रोकने व डेंगू जैसी बीमारी से बचने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान सरपंच फूल कुअर, सचिव राजेश तिवारी, सहायक सचिव राहुल शर्मा, बैजनाथ आदिवासी एवं आशा कार्यकर्ता सरोज झा, स्वछाग्राही प्रमोद झा के साथ लगभग 70 लोगों द्वारा गांव को डेंगू व मच्छर मुक्त बनाने हेतु आवश्यक साधनों को अपनाने व कार्रवाई करने का संकल्प लिया गया टीम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में रियाज़, सतेन्द्र, महेश, दीपक , हरगोविंद, विवेक, चन्दन व केशव का योगदान देखा गया।




