शिवपुरी। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरसौद थाना एवं हिम्मतपुर चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को 8 देशी पिस्टल 32 बोर और 10 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जब्त हथियारों की कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई है।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी सिरसौद धर्मेंद्र सिंह गुर्जर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियारों की खेप लेकर शिवपुरी की ओर जाने वाला है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए सिरसौद और हिम्मतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने शिवपुरी-श्योपुर रोड पर खोरघार की पुलिया के पास चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान पुलिस को एक युवक नीले रंग का बैग लेकर संदिग्ध हालत में बैठा दिखाई दिया। वह बार-बार बैग पर हाथ रखकर इधर-उधर देख रहा था। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ा और बैग की तलाशी ली। बैग से 8 नग देशी पिस्टल 32 बोर और 32 बोर के 10 जिंदा राउंड बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी की पहचान अंशुल अहिरवार पुत्र हरपाल सिंह अहिरवार, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम छता थाना बड़ौनी, हाल निवासी सिद्धार्थ कॉलोनी वार्ड क्रमांक 36, थाना सिविल लाइन, जिला दतिया के रूप में की है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह हथियार सेंधवा, जिला बड़वानी से लेकर आया था और इन्हें दतिया ले जा रहा था। आरोपी के अनुसार, रास्ते में उसकी आंख लग गई और वह श्योपुर पहुंच गया। श्योपुर से शिवपुरी आते समय पुलिस ने उसे हथियारों के साथ पकड़ लिया।
मामले में थाना सिरसौद में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई चेन और आरोपी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर, हिम्मतपुर चौकी प्रभारी रामानंद पचौरी सहित सिरसौद एवं हिम्मतपुर पुलिस बल की अहम भूमिका रही।





