Press "Enter" to skip to content

ढाई माह पहले हुई थी मौत, जेल विभाग ने दमोह जेल से पोहरी उपजेल कर दिया प्रहरी का तबादला / Shivpuri News

शिवपुरी। जिला जेल शिवपुरी की पोहरी उपजेल में जेल प्रशासन की लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें दमोह जेल में पदस्थ एक प्रहरी की ढाई माह पहले मौत हो गई थी, लेकिन प्रदेश सरकार के जेल मंत्रालय ने हाल ही में जो तबादला सूची जारी की है उसमें मृतक का तबादला दमोह जेल से पोहरी उपजेल कर दिया गया है। इस तबादला सूची में 10 लोगों के नाम हैं जिनमें से एक नाम दमोह जेल में पदस्थ मृतक प्रहरी का भी शामिल है। फिलहाल अधिकारी इस मामले को शासन स्तर का होने की बात कहते हुए अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं। 
21 जून को हुई थी प्रहरी की मौत
दमोह जेल में प्रहरी के पद पर पदस्थ रहे मृतक मो. रसीद खान के पुत्र आमिर खान ने बताया कि उसके पिता रसीद खान पिछले कुछ सालों से फेंफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था। 21 जून 2020 को उनकी बीमारी के चलते मौत हो गई, लेकिन जेल विभाग मंत्रालय भोपाल द्वारा 9 सितंबर को जो तबादला सूची जारी की गई उसमें उसके पिता रसीद का तबादला दमोह जेल से शिवपुरी जिला जेल की पोहरी उपजेल में कर दिया है जबकि उसके पिता का ढाई माह पहले ही इंतकाल हो चुका है। यह जेल प्रशासन की लापरवाही है क्योंकि तबादले के लिए नाम जेल प्रशासन द्वारा ही भेजे गए हैं।  
यह बोले अधिकारी 
फिलहाल इस मामले की मुझे जानकारी नहीं है, लेकिन जेल विभाग से एक तबादला सूची 9 सितंबर को जारी हुई है जिसमें पता चला है कि एक प्रहरी का नाम है। यह मामला शासन स्तर का है। 
एनएस राणा, जेलर जिला जेल दमोह।
10 लोगों की तबादला सूची जेल विभाग द्वारा जारी की गई है जिसमें दमोह से एक मृतक का तबादला पोहरी उपजेल किया गया है, लेकिन अभी तक कोई ज्वाइनिंग नहीं हुई है। यह दमोह जेल प्रशासन का मामला है। 
मुकेश मांझी, जेलर उपजेल पोहरी।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!