Press "Enter" to skip to content

पॉजीटिव बताकर फिर कोई नहीं लेता सुध, ऐसे ही भटकता रहा एक मरीज | Shivpuri News

शिवपुरी। जिला अस्पताल में सेंपल लेने के बाद पॉजिटिव आए मरीजों की सुध नहीं ली जा रही। उन्हें दरबदर भटकना पड़ रहा है। शनिवार को ऐसा ही एक मामला देखने में आया जब यहां सिद्धेश्वर इलाके का रहने वाला युवक लक्षण नजर आने पर अपनी जांच कराने पहुंचा था। एंटिजिन किट से उसे तत्काल ही पता चल गया कि वह पॉजीटिव है और जांच करने वालों ने उसकी पर्ची पर पॉजीटिव लिखा, लेकिन यह नहीं बताया कि उसे जाना कहां है और कहां उसका इलाज होगा। बस फिर क्या था वह दर-बदर भटकता रहा। लेकिन किसी ने उसकी सुनवाई नहीं की बाद में वह आयुर्वेद डॉक्टर के पास दिखाने जा पहुंचा लेकिन पर्चे पर पॉजिटिव देखकर डॉक्टर ने उसे बाहर भेज दिया। इसके बाद वह जिला अस्पताल की दवा वितरण खिड़की पर जा पहुंचा और कतार में लग गया। जहां आयुर्वेद के डॉक्टर ने बताया कि यह पॉजिटिव है जिसके बाद कर्मचारियों ने उसे कतार से हटकर अलग खड़े होने को कहा। मामले की जानकारी आईसोलेशन वार्ड के प्रभारी डॉक्टर केवी वर्मा को दी गई लेकिन उन्होंने उसे कोविड सेंटर भेजने कहा। यहां भी उसकी सुनवाई नहीं हुई। बाद में उसने अपने घर से भाई को बुलवाया। 
घर पर छोटे बच्चे हैं, नहीं जाउंगा घर
उस व्यक्ति के साथ मुसीबत यह थी कि घर में छोटे बच्चे थे और अलग से कोई कमरा और बाथरूम भी नहीं था जिसके नतीजे में वह अपना इलाज अस्पताल में ही कराना चाहता था। उसे अपने बच्चों की फिक्र हो रही थी। यह खुलासा तब हुआ जब मामले की जानकारी अंत में एक मीडियाकर्मी ने सीएमएचओ डॉ. एएल शर्मा को दी। जब उन्होंने घर की स्थिति के बारे में पूछा तब उसने जानकारी दी। उसके बाद सीएमएचओ के दखल से युवक की सुनवाई हो सकी और उसे वार्ड में भर्ती किया गया। यह पहला मामला नहीं है बल्कि जिला अस्पताल पहुंच रहे लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है न ही कोई देखने सुनने वाला है।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!