
शिवपुरी। तेंदुआ थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में 60 साल के
चरवाहे की किसी ने सिर कुचलकर हत्या कर दी है। अज्ञात हत्यारा कान नौचकर
सोने की बाली निकाल ले गया है। हत्या के पीछे कान की बाली लूटना प्रतीत हो
रहा है। क्योंकि व्यक्ति का गांव में किसी से कोई लड़ाई झगड़ा नहीं था।
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर
दी है।
जानकारी के मुताबिक दाताराम परिहार (60)
पुत्र स्व. बांकेलाल परिहार निवासी मानपुर बुधवार को भैंसें चराने गांव से
2-3 किमी दूर जंगल में गया था। शाम को भैंसें तो घर लौट आईं, लेकिन दाताराम
घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजन ढूंढ़ने निकले तो 2 किमी दूर जंगल में
दाताराम का शव मिला।
किसी ने पत्थर से सिर कुचलकर
दाताराम की हत्या कर दी है। परिजन ने गौर किया तो दायं कान से सोने की बाली
गायब थी। किसी ने कान को नौंचकर बाली निकाली है, जिससे कान फट गया। सूचना
पर रात में पुलिस पहुंची और शव को पीएम हाउस भिजवाया। गुरुवार को पीएम
कराकर शव परिजन को सौंप दिया है।
दूसरे चरवाहों से पूछताछ के बाद खुलासा हो सकता है: हत्या
की घटना के दूसरे दिन गुरुवार को पीएम कराने के बाद तेंदुआ थाना पुलिस शाम
को पूछताछ करने मानपुर गांव पहुंची। थाना प्रभारी अंशुल गुप्ता का कहना है
कि परिजन को किसी पर शक नहीं है। इस मामले में हर पहलू पर गौर करके जांच
कर रहे हैं। एफएसएल प्रभारी एचएस बरहादिया भी जांच करने पहुंचे। हत्या के
इस मामले में जंगल गए दूसरे चरवाहों से पूछताछ से घटना का खुलासा होने की
उम्मीद है।
जिस पत्थर से हत्या की, वह गायब, खाली क्वार्टर मिला
दूसरे
दिन घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने छानबीन की है। जिस पत्थर से दाताराम की
हत्या की गई, वह गायब है। साथ ही मौके पर शराब का खाली क्वार्टर, ग्लास,
नमकीन के खाली पैकेट आदि भी मिले हैं।






Be First to Comment