Press "Enter" to skip to content

परिचय स्मारिका से घर बैठे विवाह योग्य युवक-युवतियों की मिलेगी जानकारी / Shivpuri News

शिवपुरी। हर साल अग्रवाल समाज विवाह योग्य युवक-युवतियों के शादी समारोह का आयोजन विवाह सम्मेलन आयोजित कर करता था लेकिन इस बार कोरोना की 2 गज दूरी, मास्क है जरूरी नियम के चलते सिर्फ परिचय स्मारिका तैयार कर इसका विमोचन मध्य देशीय अग्रवाल धर्मशाला के अग्रसेन सभागार में शनिवार को अतिथियों द्वारा किया गया।

स्मारिका में 574 का पंजीयन था। जिनमें विवाह योग्य बेटे 358 और बेटियां 216 रहीं। दरअसल अग्रवाल समाज द्वारा विवाह योग्य युवक- युवतियों के परिचय सम्मेलन का उद्देश्य यह है कि एक प्लेटफार्म पर समाज के लोगों को वह सभी सुविधाएं मिलें जिसमें वर वधु का चयन कर अभिभावक बेहतर ढंग से शादी करें और दिखावा के साथ फिजूल खर्ची से भी बचें।इस आयोजन के दौरान एक गृहस्थी को जितने आवश्यक सामान की जरूरत होती है उसे दानदाताओं के माध्यम से पूरा करने का प्रयास समाज द्वारा किया जाता है।

यही नहीं सोने-चांदी के आभूषण तक दानदाताओं द्वारा सम्मेलन के दौरान चयनित जोड़ों को उपहार में दिए जाते हैं। लेकिन इस बार कोरोना बीमारी के चलते कोई भी बड़ा और सार्वजनिक समारोह आयोजित करने की अनुमति नहीं है। इस वजह से अग्रवाल समाज के लोगों ने तय किया कि वह अपने स्तर पर जिले और आसपास के विवाह योग्य युवक-युवतियों की जानकारी संकलित करेंगे। और इस संकलित जानकारी के आधार पर समाज के उन बंधुओं तक पहुंचाएंगे जिनके यहां विवाह के लिए बेटा या बेटी है। इस पत्रिका के माध्यम से ना केवल वह अपना मनचाहा वर वधु प्राप्त कर सकेंगे वरन फोटो सहित सारी जानकारी होने से एक दूसरे के बारे में अभिभावक जान सकेंगे। अतिथि बोले- कोरोना काल में इससे बेहतर और कुछ नहीं: जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और समाज के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र जैन गोटू ने इस अवसर पर कहा कि कोरोना की वजह से हम बड़ा शादी विवाह का सम्मेलन नहीं कर सकते लेकिन हम परिचय स्मारिका का तो प्रकाशन कर सकते हैं। इसीलिए यह परिचय स्मारिका लोगों तक पहुंचाने के लिए एक बेहतर विकल्प है।समाज के जिन बंधुओं ने इस पत्रिका को तैयार करने में अपनी महती भूमिका निभाई है वह तो बधाई के पात्र हैं ही, साथ ही साथ अग्रवाल मित्र मंडल पदाधिकारी भी इसके लिए बधाई के पात्र हैं कि उन्होंने कम समय में इतना बेहतर आयोजन कर सैकड़ों युवक-युवतियों के नाम इस पत्रिका में शामिल किए।

समाजसेवी भरत अग्रवाल ने कहा कि जब-जब समाज इस तरह की अनुकरणीय पहल करता है।वह सीधा सीधा समाज के लिए एक संदेश होता है। कोरोना काल में परिचय स्मारिका के माध्यम से अब घर बैठे ही लोगों को युवक-युवतियों के बारे में जानकारी मिल सकेगी। ग्रामीण बैंक चेयरमेन भगवान दास गुप्ता ने कहा कि जिनके बारे में परिवार का कोई भी सदस्य पहचानता तक नहीं था उन परिवारों के लिए यह स्मारिका बेहतर साबित होगी। कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी उद्घोषक डॉ समर्थ अग्रवाल ने किया । इस आयोजन में मध्य देशीय अग्रवाल समाज के अध्यक्ष गौरव सिंघल, अग्रवाल मित्र मंडल के अध्यक्ष अनिल गुप्ता, धर्मशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष अजीत जैन, डॉ एल डी गुप्ता, पी डी सिंघल, मथुरा प्रसाद, साधना गुप्ता, सुशील अग्रवाल सहित पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!