Press "Enter" to skip to content

शिक्षक ललसूराम को कोरोना योद्धा घोषित करने का प्रस्ताव भेजा | Shivpuri News

शिवपुरी। बदरवास के माध्यमिक विद्यालय अगरा में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक ललसूराम तिर्की की गुना-शिवपुरी जिले की सीमा पर चैकपोस्ट पर कोरोना ड्यूटी पर जाते समय शनिवार की रात 11 बजे सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में शिक्षक संगठनों और सत्ताधारी पार्टी के नेताओं द्वारा उन्हें कोरोना योद्धा घोषित करने और पीड़ित परिवार को 50 लाख की सहायता राशि देने की मांग के बाद प्रशासन व शिक्षा विभाग ने भी संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए सोमवार को इस संबंध में न केवल प्रस्ताव तैयार करा लिया बल्कि उसे कार्रवाई के लिए भेज भी दिया है। ऐसे में जल्द ही पीड़ित परिवार को इस प्रस्ताव के आधार पर भोपाल से कोरोना योद्धा घोषित करने व राहत राशि मिलने की उम्मीद बंध गई है। 
बता दें कि शिक्षक ललसूराम कलेक्टर के आदेश पर पिछले 18 दिन से अटलपुर चैकपोस्ट पर ड्यूटी दे रहे थे और शनिवार की रात बाइक से जाते समय चैकपोस्ट के नजदीक ही हादसे में उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में डीईओ दीपक पांडे ने बदरवास बीईओ एमपीएस यादव से मृतक शिक्षक ललसूराम को कोरोना योद्धा घोषित करने संबंधी प्रस्ताव के लिए रिपोर्ट तलब किए और शाम को डीईओ कार्यालय से उक्त प्रस्ताव की फाइल जिला प्रशासन को भेज दी है। 
शिक्षा विभाग के अलावा प्रशासनिक स्तर पर भी एसडीएम के माध्यम से प्रस्ताव भोपाल भेजा जाएगा। इस प्रस्ताव में शिक्षक के कोरोना ड्यूटी पर जाते समय हादसा घटित होने सहित अन्य बिंदुओं के साथ शासन नियमों के अनुसार उन्हें कोरोना योद्धा घोषित करने का उल्लेख होगा। वहीं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र शर्मा ने भी 50 लाख का मुआवजा दिए जानेे की मांग सीएम व शिक्षा मंत्री से की।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!