खोड़। पिछोर अनुविभाग की ग्राम पंचायत चंदावनी के मजरा अमरपुरा में गुरुवार की दोपहर बिजली के शॉर्ट सर्किट हो जाने की वजह से एक आदिवासी की झोंपड़ी में आग भड़क उठी और देखते ही देखते झोंपड़ी जलकर खाक हो गई। इस हादसे में झोंपड़ी के अंदर रखा आदिवासी परिवार का घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ जाने से हजारों रुपए का नुकसान हो गया। आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोंपड़ी जलकर खाक हो चुकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि जिस समय दोपहर 1 बजे के करीब झोंपड़ी में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगी उस वक्त उमेश आदिवासी जंगल में लकड़ियां काटने गया हुआ था। जब वह जंगल से वापस लौटा तो उसकी झोंपड़ी जलकर खाक हो चुकी थी।




