बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज होने के बाद हुई कार्रवाई
शिवपुरी। बिजली विभाग और नगरपालिका के बीच बिजली बिल की 11 करोड़ की राशि को लेकर हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में बिजली विभाग के एई जेएम श्रीवास्तव ने सीएमओ सीपी राय पर व्यक्तिगत बिजली चोरी के 8 मामले दर्ज कराए हैं और कल भदैयाकुंड स्थित नगरपालिका के हाईडेंट से बिजली कनेक्शन काटने और मीटर उखाड़ने की कार्रवाई बिजली विभाग के अधिकारियों ने की है। बिजली कनेक्शन कट जाने से हाईडेंट पर अब टेंकर नहीं भर पाएंगे जिसका सीधा असर शहर की पेयजल व्यवस्था पर पड़ेगा।
इस पूरी कार्रवाई में बिजली अधिकारियों का तर्क है कि भदैयाकुण्ड के हाईडेंट के लिए नपा ने अस्थाई कनेक्शन लिए थे जिसकी वैधता अगस्त 2018 में समाप्त हो चुकी है इसके बावजूद भी नगरपालिका चोरी से बिजली का उपयोग कर हाईडेंट संचालित कर रही थी। जो चोरी की श्रेणी में आता है और इसी के चलते बीते रोज सीएमओ पर बिजली चोरी का मामला दर्ज किए गए थे और प्रकरण दर्ज होने के बाद वहां लगाए गए मीटरों को हटवा दिया गया है साथ ही वहां के कनेक्शन भी विच्छेद कर दिए गए हैं जबकि नगरपालिका बिजली विभाग की इस कार्यवाही को पूर्व में बिजली अधिकारियों के नल कनेक्शन काटने का बदला बता रही है। नगरपालिका सीएमओ सीपी राय का कहना है कि हाईडेंट के कनेक्शन काटने और मीटर उखाड़ने के कारण संपबैल पर बड़े टैंकर नहीं भर पा रहे हैं जिससे पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है। बिजली कर्मचारियों ने मीटर यह कहकर उखाड़े थे कि वह रिपेयर करवाकर ला रहे हैं, लेकिन उखाड़े गए मीटरों को वहां नहीं लगवाया गया है। गर्मियों का दौर भी शुरू हो गया है ऐसी स्थिति में जलसंकट गहराने से शहर की कानून व्यवस्था बिगड़ेगी।





Be First to Comment