शिवपुरी। मंगलवार सुबह डिप्टी कलेक्टर मनोज गरवाल के नेतृत्व के साथ माइनिंग विभाग की टीम ने जाधव सागर पर स्थित रेत मंडी पर छापा मार कार्रवाई की और वहां से बिना रॉयल्टी रेत का विक्रय कर रहे दो डंपरों को जब्त कर लिया। जबकि कई डंपर चालक टीम को देखकर अपने डंपर वहां से भगा ले गए। बताया जाता है कि पकड़े गए डंपरों में एक डंपर पूर्व विधायक के पुत्र का बताया जा रहा है। हालांकि डिप्टी कलेक्टर मनोज गरवाल ने स्पष्ट रूप से इस बात की जानकारी नहीं दी, लेकिन उन्होंने दबी जुबान से स्वीकार जरूर किया है। टीम ने पकड़े गए दोनों डंपरों को देहात थाने में खड़ा कर दिया है और कार्रवाई के लिए पत्र पुलिस को दे दिया है।



