जिला कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन एडीएम बालौदिया को सौंपा
शिवपुरी। जिला कांग्रेस कमेटी शिवपुरी के अध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में एक ज्ञापन शुक्रवार को एडीएम आरएस बालौदिया को सौंपा गया। राष्ट्रपति के नाम उल्लेखित यह ज्ञापन कलेक्ट्रेट में दिया गया है जिसमें अनैतिक संसाधनों का उपयोग कर सरकार को अपदस्थ करने के हथकंडों की गहन जांच करवाए जाने की मांग की गई है और सिद्ध होने पर ऐसी सरकार को बर्खास्त कर लोकतंत्र की रक्षा करने की मांग की गई है। ज्ञापन में लिखा है कि मप्र में विगत दिनों मप्र के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की एक बैठक का ऑडियो वायरल हुआ है जिसमें स्वीकार किया है कि मप्र में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के कहने पर गिराया गया। उन्होंने कथित ऑडियो में यह भी बताया है कि यह सरकार नहीं गिराई जाती तो भाजपा बर्वाद हो जाती। सरकार गिराने के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया और तुलसीराम सिलावट अगर साथ नहीं देते तो सरकार क्या गिर सकती थी। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की यह स्वीकारोक्ति भाजपा के अध्यक्ष, गृहमंत्री और प्रधानमंत्री की ओर इशारा करती है। महामहिम आप देश के लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं। देश की 133 करोड़ जनता ने संविधान की रक्षा करने का दायित्व आपको दिया है। आपसे निवेदन है कि अनैतिक हथकंडे अपनाकर चुनी गई सरकारों को गिराने के प्रयासों की अनदेखी न की जाए क्योंकि ऐसा होने पर भविष्य में चुनाव की प्रक्रिया ही मूल्यहीन हो जाएगी और तब कोई भी दल चंद विधायकों को लालच देकर सरकारों को अस्थिर करता रहेगा। संविधान में सरकार चुनने का जो अधिकार मतदाता को दिया है इन हथकंडों से मतदान की शक्ति भी प्रभावहीन हो जाएगी। आपसे विनम्र आग्रह है कि कथित ऑडियो-वीडियो की फॉरेंसिंक जांच के निर्देश देकर जनता के इस अधिकार की रक्षा करें। ज्ञापन देने वालों में वासित अली, लक्ष्मीनारायण धाकड़ पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस, चंद्रकांत शर्मा मामा, मोहित अग्रवाल आदि शामिल थे।




