Press "Enter" to skip to content

जनसुनवाई में महिला कर्मचारी ने आबेदन फाड़कर फेंकने की दी धमकी / Shivpuri News

शिवपुरी जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर पहुंचे फरियादियों पर एक महिला कर्मचारी भड़क गई। महिला कर्मचारी ने आवेदकों के आवेदन फाड़कर फेंकने तक की बात कह दी। इस बात से खफा कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया। इसके बाद महिला कर्मचारी अपनी कुर्सी को छोड़कर मौके से निकल गई, वहीं जनसुनवाई में शामिल कर्मचारी मामले को रफा-दफा करते हुए नजर आए।


जानकारी के अनुसार, आज जनसुनवाई कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हो रही थी। इसी दौरान आवेदकों के आवेदन पर रिसीविंग देने का काम महिला कर्मचारी आरती श्रीवास्तव के द्वारा किया जा रहा था।

इसी दौरान खनियाधाना जनपद के वार्ड क्रमांक 23 के जनपद सदस्य के पति लक्ष्मीकांत यादव अपने वार्ड के ग्रामीणों के साथ ग्राम पंचायत महरौली के पंचायत सचिव की शिकायत लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान शिकायती आवेदन पर रिसीविंग लेने ग्रामीण महिला कर्मचारी के पास पहुंचे तो महिला कर्मचारी ने आवेदन फाड़कर फेंकने तक की बात कह दी। इसी प्रकार से अमोलपठा गांव के कुछ ग्रामीण सीमांकन की शिकायत को लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे, जहां उनके साथ में भी महिला कर्मचारी के द्वारा अभद्रता करते हुए उनके शिकायती आवेदनों को फाड़कर फेंक देने की बात कही गई।

ग्रामीण रामस्वरुप ने बताया कि वह जनसुनवाई में अपनी शिकायत दर्ज कराने के बाद अपने आवेदन पर रिसीविंग लेने मैडम के पास पहुंचे तो उन्होंने आवेदन को फाड़कर फेंकने की बात कहते हुए भगा दिया।

इस बीच मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने महिला कर्मचारी के इस बर्ताव का विरोध किया तो महिला कर्मचारी अपनी कुर्सी छोड़कर चली गईं। इस बीच अन्य कर्मचारी बात को रफादफा करते हुए नजर आए। इस मामले में कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी ने इस मामले में अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!