Press "Enter" to skip to content

CM शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया रोड शो, छतों से बरसे फूल, कमलनाथ को घेरा / Shivpuri News

शिवपुरी में शुक्रवार को सीएम शिवराज सिंह और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जुगलबंदी देखने को मिली। दोनों नेताओं ने पहले माधव नेशनल पार्क में 2 टाइगर को छोड़े। फिर शिवपुरी शहर में रोड शो कर ‘मुख्यमंत्री लाडली बहना संवाद एवं पर्यटन संवर्धन’ कार्यक्रम को संबोधित किया। सिंधिया ने कहा कि अब शिवपुरी ही नहीं पूरे चंबल संभाग की जनता बाघों की दहाड़ सुनेगी। सीएम शिवराज सिंह ने लाडली बहना योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पूर्व की कमलनाथ सरकार पर जमकर निशाना भी साधा।

पूरे चंबल में सुनाई देगी बाघों की दहाड़: सिंधिया

सिंधिया ने कहा- आज का दिन ऐतिहासिक है। आज मेरे पिता की जयंती है। पुराने ग्वालियर स्टेट में दो मोती होते थे। एक श्योपुर का कूनो, दूसरा माधव नेशनल पार्क। दोनों को मेरे पूर्वजों ने स्थापित किया था। समय के साथ इन दोनों मोतियों से वन्य प्राणी लुप्त होते गए। 27 साल बाद फिर से माधव नेशनल पार्क में बाघ आए हैं। इस क्षेत्र का फिर से सम्मान लौटा है। इस योजना के लिए कई मीटिंग्स हुईं। 18 करोड़ रुपए का डीपीआर बना। केंद्र और प्रदेश ने तत्काल इसकी स्वीकृति दी। बाघ आने से शिवपुरी की आर्थिक क्षमता बढ़ेगी। सिंधिया ने कहा कि शिवराज जी बाघ ही लेकर नहीं आए हैं। वे 270 करोड़ रुपए की योजना भी लेकर आए हैं। पिछली बार शिवपुरी को नगर निगम बनाया था।

आशीर्वाद दे कि केंद्र में मोदी और प्रदेश में शिवराज सरकार रहे
सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी की जनता यह आशीर्वाद दे कि केंद्र में मोदी सरकार और प्रदेश में शिवराज सरकार रहे। सीएम शिवराज सिंह लाडली लक्ष्मी के बाद अब लाडली बहना योजना लेकर आए हैं। हर बहन के खाते में अब साल में 12 हजार रुपए आएंगे। शिवराज जी ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो जन्मदिन पर तोहफा लेते नहीं, देते हैं। 5 मार्च को उन्होंने अपने जन्मदिन पर लाडली बहना योजना की शुरुआत की।

सीएम बोले- बाघ प्रोजेक्ट लाएंगे, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- शिवपुरी के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। टाइगर फिर से वापस आया है। टाइगर जिंदा तो है ही, अब वापस भी आ गया है। ये हमारे महाराज माधव राव सिंधिया के जन्मदिन पर आए हैं। लोग टाइगर देखने शिवपुरी आएंगे। कई बहन-बेटी-भाई को रोजगार मिलेगा। हम एक बाघ प्रोजेक्ट बनाने जा रहे हैं। इसमें बाघों के जरिए कैसे रोजगार के अवसर बढ़ें, इसे लेकर काम करेंगे।

लाडली पैदा होगी तो वह लखपति बनेगी
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि हमने संकल्प लिया कि मप्र की धरती पर लाडली पैदा होगी तो वह लखपति बनेगी। सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मजदूर बेटी बच्चे को जन्म देने के बाद आराम कर सके, इसलिए प्रसूति सहायता योजना बनाई। कांग्रेस सरकार ने यह योजना बंद कर दी थी। कमलनाथ ने लड्‌डू तक छीन लिया था। अब हम लाडली बहना योजना लेकर आए हैं। इसमें बहनों के खाते में एक हजार रुपए महीना डाले जाएंगे। सालभर में आपको 12 हजार रुपए मिलेंगे। यह बहनों की जिंदगी बदलने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने ऐसी योजना कभी बनाई थी क्या। अरे कमलनाथ बैगा, भारिया, सहरिया बहनों के हजार रुपाइया छीन लिए रे तूने… इसलिए तो हमारे साथी उन्हें छोड़कर आए गए और हमारी सरकार बनी। वो छीनते हैं हम देते हैं। जो बेटी अब 12वीं में प्रथम श्रेणी से पास होगी, उसे मामा स्कूटी देगा।

मुख्यमंत्री शिवराज और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने शिवपुरी में रोड शो किया। इस दौरान सड़क किनारे मौजूद लोगों ने उनका फूल बरसाकर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री शिवराज और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने शिवपुरी में रोड शो किया। इस दौरान सड़क किनारे मौजूद लोगों ने उनका फूल बरसाकर स्वागत किया।
शिवराज-सिंधिया ने किया रोड शो

इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी शहर में रोड शो किया। 2 बत्ती चौराहे से शुरू हुआ रोड शो विष्णु मंदिर, पुराना बस स्टैंड, माधव चौक, कोर्ट रोड, अस्पताल चौराहा, नगर पालिका के सामने से पोलो ग्राउंड पर खत्म हुआ। दो बत्ती चौराहे पर दोनों नेताओं ने स्वर्गीय माधव राव सिंधिया की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। रोड शो के दौरान रास्तेभर घरों की छतों में खड़े लोगों ने फूल बरसाते हुए दोनों नेताओं के समर्थन में नारे लगाए। कई लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर सीएम शिवराज को ज्ञापन भी दिया।

ये मंत्री भी रहे मौजूद

सीएम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ वन मंत्री विजय शाह, प्रभारी मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह सिसौदिया सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री ब्रजेन्द्र सिंह यादव, मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया और गुना सांसद केपी यादव भी मौजूद रहे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!