शिवपुरी। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार वृहद पौधारोपण कार्यक्रम अभियान अंतर्गत प्रधान जिला न्यायाधीश श्री विनोद कुमार के मार्गदर्शन में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्रीमती अर्चना सिंह की अध्यक्षता में आज शनिवार को प्रातः 11 बजे शक्तिशाली महिला संगठन के समन्वय से बाणगंगा क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर लगभग 50 पौधे रोपित किए गए एवं वृहद स्तर पर साफ सफाई अभियान चलाया गया। जिला न्यायाधीश श्रीमती अर्चना सिंह ने कुछ दिवस पूर्व बाणगंगा क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां बहुत गंदगी देखी गई एवं आपराधिक तत्वों का जमावड़ा मिला। समस्या के समाधान हेतु विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में सामाजिक संगठन, प्रभुत्वजनों के साथ 23 जुलाई को पुन बाणगंगा क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित लोगों ने बताया कि बाणगंगा परिसर में आपराधिक प्रवृत्ति के लोग नशा करते हैं एवं संपूर्ण परिसर में गंदगी फैलाते हैं। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के कारण आम व्यक्ति वहा नहीं जा पाते। तत्पश्चात श्रीमती सिंह ने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर सार्वजनिक उपयोग के स्थान को सुरक्षित रखने व पर्यावरण का संरक्षण करने हेतु आम व्यक्ति का दायित्व है। आम नागरिक बाणगंगा क्षेत्र को सुरक्षित व सुंदर रखने का अपने स्तर पर प्रयास करें जिसमें आमजन की सहभागिता हो उसके बावजूद भी यदि उक्त क्षेत्र में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों द्वारा आपराधिक गतिविधियां की जाती हैं व स्थान की सुंदरता को प्रभावित किया जाता है तो ऐसी स्थिति में आमजन जनउपयोगी लोक अदालत में अपनी समस्या रख सकते हैं।
पौधे रोपण करते हुए बाणगंगा क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए। उक्त कार्यक्रम के साथ विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया जिसमें उपस्थित लोगों को श्रीमती अर्चना सिंह द्वारा पर्यावरण के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी डॉ वीरेंद्र कुमार चढ़ार, शक्तिशाली महिला संगठन शिवपुरी से रवि गोयल, श्रद्धा जादौन, राहुल भोला आदि उपस्थित रहे।






Be First to Comment