Press "Enter" to skip to content

ग्रामीण निकाय चुनाव में जनता ने गुंडिज्म और तिकड़म की राजनीति करने वाले कांग्रेस के धुरंधरों को अच्छा सबक सिखाया : जिलाध्यक्ष बाथम / Shivpuri News

शिवपुरी। ग्रामीण निकाय चुनाव में प्रदेश की जनता ने गुंडिज्म और तिकड़म की राजनीति करने वाले कांग्रेस के धुरंधरों को अच्छा सबक सिखाया है। गुना में दिग्विजयसिंह का सूपड़ा साफ हो गया है। नेता प्रतिपक्ष गोविंद की विधानसभा में आने वाली चार में तीन जनपद पंचायतों में कांग्रेस के प्रत्याशी हार गए। इंदौर में मतदाताओं ने कांग्रेस को सबक सिखाया है और भिंड में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। अल्पसंख्यकों को अपना वोटबैंक मानकर राजनीति करने वाली कांग्रेस को बुरहानपुर के मतदाताओं ने ऐसा सबक सिखाया है कि कांग्रेस कभी भूलेगी नहीं। बुरहानपुर के मतदाताओं ने कांग्रेस मुक्त जिला पंचायत बनाई है। छिंदवाड़ा में भी कांग्रेस की स्थिति ठीक नहीं रही है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों ने यह बता दिया है कि झूठ बोलने वाली, जनता को गुमराह करने वाली ताकतें बुरी तरह असफल रही हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्य क्ष राजू बाथम ने होटल पीएस में आयोजित पत्रकारवार्ता में कही। बाथम ने भाजपा को स्नेह और आशीर्वाद देने के लिए प्रदेश की जनता को धन्यवाद दिया तथा प्रत्येक बूथ पर लगातार काम करने वाले कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने आशा जताई कि नगर निकाय के चुनावों में भी भाजपा को जनता का ऐसा ही आशीर्वाद मिलेगा।
जिलाध्येक्ष बाथम ने कहा कि जो काम भाजपा ने शुरू किए थे, उनके प्रभाव अब ग्रामीण जनजीवन पर दिखाई देने लगे हैं। केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं तथा विकास कार्यों से गांवों में जीवन आसान हुआ है और जीवन स्तर बेहतर हुआ है। जनता से किए वादों पर तत्परतापूर्वक अमल करने तथा असंभव माने जाने वाले कामों को भी दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाते हुए पूरा करने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और पार्टी नेतृत्व के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है। यही कारण है कि पंचायत चुनाव में प्रदेश की जनता ने भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को अपना भरपूर समर्थन दिया है।

52 में से 44 जिला पंचायतों में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत

जिला मीडिया प्रभारी विकास दंडौतिया ने मीडिया को ग्रामीण निकाय चुनाव के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश की 52 जिला पंचायतों में चुनाव हुए थे, जिनमें से 44 जिला पंचायतों में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत मिला है। 84 प्रतिशत जिला पंचायतों में भाजपा को सफलता मिली है। बाथम ने कहा कि 8 अन्य जिलों में भी भाजपा की जिला पंचायत बनाने के लिए प्रयास चल रहे हैं। इनमें से 3 जिलों में थोड़ी कठिनाई रही है, लेकिन 29 तारीख को स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

जनपद पंचायतों में 74.44 प्रतिशत सफलता

बाथम ने कहा कि प्रदेश की 313 जनपद पंचायतों में से 233 में भाजपा के लोग जीते हैं। इस हिसाब से इनमें भाजपा की सफलता दर करीब 74.44 फीसदी रही है। बाथम ने कहा कि बचे हुए स्थानों से भी अभी पार्टी के पक्ष में जानकारी मिल रही है और 27-28 तारीख को और भी बेहतर स्थिति सामने आने की उम्मीद है।

19863 पंचायतों में भाजपा के सरपंच

बाथम ने कहा कि प्रदेश की 22924 पंचायतों में चुनाव हुए थे। इनमें से 19863 पंचायतों में भाजपा समर्थित सरपंच चुने गए हैं। इसके अनुसार प्रदेश की 87 प्रतिशत पंचायतों में सरपंच भाजपा के रहेंगे। बाथम ने कहा कि पंचायत चुनाव में सबसे खास बात यह रही कि 650 पंचायतों में भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध जीते हैं।

विकास के नए आयाम खुलेंगे
जिलाध्येक्ष बाथम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने यह चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा था और जनता ने भी पार्टी प्रत्याशियों को वोट के रूप में जो अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया है, वह विकास के लिए ही है। पार्टी प्रत्याशियों को इस चुनाव में जो बहुमत मिला है, जनता ने उनके ऊपर जो भरोसा जताया है, इससे विकास के प्रति उनकी जिम्मेदारी बढ़ी है और आने वाले समय में ग्रामीण निकायों में विकास के नए आयाम खुलेंगे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!