शिवपुरी। राजमाता विजयाराजे सिंधिया चिकित्सा महाविद्यालय शिवपुरी में चिकित्सा शिक्षा एवं भोपाल गैस त्रासदी राहत तथा पुनर्वास विभाग के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग की अध्यक्षता में आज रविवार को साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मध्य प्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड भोपाल के उपाध्यक्ष राज्यमंत्री दर्जा नरेन्द्र बिरथरे, विधायक कोलारस वीरेंद्र रघुवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम, संभागायुक्त आशीष सक्सेना, कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल, मेडिकल कॉलेज के डीन अक्षय निगम सहित मेडिकल कॉलेज की अधिकारी एवं साधारण सभा की बैठक के सदस्यगण उपस्थित थे।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने साधारण सभा की बैठक की एजेण्डावार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में जो बजट प्रस्तुत किया गया है उस पर नियम के अनुसार ही कार्यवाही की जाए। उन्होंने इस दौरान द्वितीय वर्ष 2021-22 के प्रस्तावित बजट एवं मई 2022 तक के आय-व्यय पत्रक का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बैठक में प्रस्तुत इस बार के वित्तीय बजट में कुछ नए हेडों को भी सम्मिलित किया जाए। उन्होंने बताया कि रिक्रिएशन सेंटर, साइनेज, मल्टी यूटिलिटी स्टोर, ई-लाइब्रेरी, मिस्लेनियस जैसे नए हेड भी बनाए जाए। उन्होंने मरीजों के खाने की व्यवस्था की जानकारी ली और मेडिकल कॉलेज में किचन एवं छात्र-छात्राओं के लिए एक सभागार बनाने की बात कही।
इसके अलावा बैठक में मुझे बताया गया कि यहां से हाइवे गुजरे हैं इसलिए यहां ट्रोमा सेंटर की बेहद दरकार है। ऐसे में हम कोशिश करेंगे कि यहां एक व्यवस्थित ट्रोमा यूनिट की शुरूआत करें। मंत्री का कहना था कि इसके अलावा मैंने विधानसभा में मप्र के सभी मेडिकल कॉलेजों में कैथ लैब शुरू करवाने के संबंध में निर्णय लिया है ताकि कॉर्डियोलॉजी की समस्या का समाधान हो सके। इन तीनों ही चीजों में हमारा बेहद ध्यान है। मंत्री विश्वास सारंग ने शिवपुरी मेडीकल कॉलेज में छात्रों के लिए उच्च स्तरीय रीक्रिएशन सेंटर बनाने के लिए एक करोड़ रूपए का प्रावधान रविवार को हुई बैठक में किया है।
डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट को बताया अंतरराष्ट्रीय साजिश
डब्ल्यूएचओ द्वारा भारत में कोरोना से हुई मौतों के संबंध में 47 लाख मौतों का जो आंकड़ा पेश किया है से मंत्री विश्वास सारंग ने भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय साजिश बताया। उनका कहना था कि डब्ल्यूएचाओ की इस रिपोर्ट का हाल ही में अहमदाबाद में हुई बैठक में देश भर के स्वास्थ्य मंत्रियों ने एक स्वर में खंडन करते हुए डब्ल्यूएचओ की निंदा भी की थी।






Be First to Comment