,

पुरानी रंजिश में सोनू केवट के साथ लाठी-डंडों से मारपीट का आरोप, 5 दिन अस्पताल में रहा भर्ती; रविन्द्र राजपूत और पुष्पेन्द्र साहू के खिलाफ एसपी से शिकायत / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम मोहरी कला में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट, जातिसूचक अपमानजनक गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक सोनू केवट (20) ने रविन्द्र राजपूत और पुष्पेन्द्र साहू पर लाठी-डंडों एवं लात-घूंसों से हमला करने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

पीड़ित सोनू केवट के अनुसार, 19 नवंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे वह गांव के आदिवासी मोहल्ले में खड़ा था। इसी दौरान रविन्द्र राजपूत और पुष्पेन्द्र साहू वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर कथित रूप से अश्लील गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की तथा जमीन पर पटक दिया। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गया।

ज्ञापन में बताया गया है कि घटनास्थल पर मौजूद राजेन्द्र रजक और संतोष आदिवासी ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि आगे कहीं भी मिल गया तो जान से खत्म कर देंगे।

पीड़ित के मुताबिक, गंभीर चोटों के चलते पहले उसे बनियाधाना चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय शिवपुरी रेफर किया गया। यहां वह लगातार पांच दिन तक भर्ती रहकर उपचार कराता रहा।

सोनू केवट ने आरोप लगाया कि घटना की शिकायत थाना बनियाधाना में करने के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हुई और उसे थाने से भगा दिया गया। उसने थाना स्तर पर आरोपियों से सांठगांठ होने की आशंका भी जताई है।

सोनू ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में प्रकरण दर्ज करने, थाना पुलिस की भूमिका की जांच कराने तथा स्वयं और परिवार को जान-माल की सुरक्षा देने की मांग की है।