शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिनारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो कार से 90 लीटर देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब परिवहन कर रहे आरोपी उमेश कुमार झा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान दिनारा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दिनारा-पिछोर रोड से एक व्यक्ति अवैध शराब लेकर गुजरने वाला है।
सूचना पर थाना प्रभारी अरविंद छारी ने पुलिस टीम गठित कर दिनारा-पिछोर रोड स्थित माता मंदिर के पास चेकिंग शुरू कराई। इसी दौरान एक सफेद रंग की संदिग्ध बोलेरो कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की पिछली सीट से 10 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 90 लीटर और कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
कार चालक ने अपना नाम उमेश कुमार झा पुत्र अशोक कुमार झा, उम्र 26 वर्ष, निवासी बाचरौन चौराहा, थाना पिछोर, जिला शिवपुरी बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब और बिना नंबर की सफेद बोलेरो कार जब्त कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 288/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनारा अरविंद छारी, सहायक उपनिरीक्षक बृजराज सिंह, प्रधान आरक्षक घनश्याम सिंह, आरक्षक योगेश मिश्रा, सैनिक सुरेंद्र यादव एवं सैनिक विशाल शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दिनारा पुलिस की कार्रवाई: 10 पेटी देशी प्लेन शराब जब्त, करीब 40 हजार रुपये की शराब और बिना नंबर की सफेद बोलेरो कार पुलिस ने की जब्त / Shivpuri News



