,

भाईदूज पर लाड़ली बहनों को CM मोहन यादव का बड़ा तोहफा, 1.24 करोड़ महिलाओं के खातों में 1831 करोड़ रुपये ट्रांसफर; पिछोर को जिला बनाने का रास्ता साफ / Shivpuri News

पिछोर में मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं: सांदीपनि विद्यालय, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बामोरकलां में कॉलेज और खनियांधाना में पुलिस चौकी खुलेगी, मोतीसागर झील का होगा सौंदर्यीकरण

शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन से प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र लाड़ली बहनों के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त के रूप में 1,831 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। प्रत्येक पात्र महिला के खाते में 1,500 रुपये भेजे गए। मुख्यमंत्री ने इसे बहनों के लिए भाईदूज का उपहार बताया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बहनों को आत्मनिर्भर, आर्थिक रूप से मजबूत और खुशहाल बनाने के लिए संकल्पित है। लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सम्मान का मजबूत आधार बन रही है। योजना शुरू होने से नवंबर 2026 तक 69 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि बहनों को दी जा चुकी है।

### पिछोर को जिला बनाने की घोषणा पर बड़ा संकेत

कार्यक्रम में पिछोर को जिला बनाने की मांग उठाई गई। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में परिसीमन आयोग का गठन किया गया है। आयोग की अनुशंसा पर पिछोर को जिला बनाया जाएगा और सरकार इसमें हरसंभव सहयोग करेगी।

### पिछोर और खनियांधाना को मिली बड़ी सौगातें

मुख्यमंत्री ने पिछोर में सांदीपनि विद्यालय और सर्वसुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की घोषणा की। खनियांधाना के रेडी चौराहे पर पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी तथा बामोरकलां में महाविद्यालय खोला जाएगा। इसके अलावा कासना नाले पर पुल निर्माण, पिछोर किले में 5 करोड़ रुपये के विकास कार्य और मोतीसागर झील के सौंदर्यीकरण के लिए राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।

### 221.22 करोड़ के 121 विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने शिवपुरी जिले में 221.22 करोड़ रुपये की लागत के 121 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 186.23 करोड़ रुपये के 85 कार्यों का भूमिपूजन और 35 करोड़ रुपये के 36 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

इसके साथ ही मध्यप्रदेश राज्य आजीविका मिशन के 5.5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ रुपये से अधिक की नगद साख सीमा की सहायता राशि भी सिंगल क्लिक से अंतरित की गई।

### शिवपुरी को डिफेंस इंडस्ट्री कॉरिडोर की सौगात का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवपुरी जिले को 6 हजार करोड़ रुपये के डिफेंस इंडस्ट्री कॉरिडोर की सौगात मिली है। प्रदेश में अब तक 12.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश धरातल पर आ चुका है। सरकार उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार कर रही है। उन्होंने पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, सिंचाई और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों और महिलाओं के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना और प्रधानमंत्री आवास एवं उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने की बात कही।

कार्यक्रम में पिछोर विधायक प्रीतम लोधी, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, करैरा विधायक रमेश खटीक, कोलारस विधायक महेंद्र यादव, ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत सिंह जाटव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें और आमजन उपस्थित रहे।