,

झंडा की पहाड़ियों के पास बाइक सवार दंपति को बनाया था निशाना, सोने का मंगलसूत्र, 315 बोर कट्टा, दो कारतूस और वारदात में इस्तेमाल TVS राइडर बाइक बरामद / Shivpuri News

शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने कट्टा दिखाकर महिला का सोने का मंगलसूत्र लूटने वाले तीन आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, 315 बोर का देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल TVS राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 11 नवंबर 2026 को फरियादी सुमित जाटव निवासी ग्राम सेंगवा, थाना थरेट, जिला दतिया ने करैरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से अपने साढ़ू भाई के घर ग्राम छिरारी जा रहा था। इसी दौरान ग्राम झंडा की पहाड़ियों के पास राइडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने कट्टा दिखाकर उसकी पत्नी के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 810/26 के तहत धारा 309(4) बीएनएस एवं 11/13 एमपीडीपीके एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

गिरफ्तार आरोपियों में कुम्हेर सिंह परिहार उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम मिहावरा थाना सीहोर, गोलू उर्फ मेहताब सिंह परिहार उम्र 22 वर्ष निवासी बेरखेड़ा थाना करैरा तथा बोबी परिहार उम्र 22 वर्ष निवासी बेरखेड़ा थाना करैरा शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों आरोपियों ने मिलकर लूट की वारदात करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र, 315 बोर का देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त TVS राइडर मोटरसाइकिल जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 का इजाफा भी किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य लूट और चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।