,

शिवपुरी में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी-वन विभाग की संयुक्त दबिश, 22 लीटर हाथ भट्टी शराब और 1400 किलो लहान जब्त / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सतनवाड़ा के पास सिद्ध नाला क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध शराब बनाने की सामग्री जब्त की है।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार वृत्त शिवपुरी प्रभारी राहुल गुप्ता के नेतृत्व में दोनों विभागों की टीम ने संवेदनशील ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान मौके से 22 लीटर हाथ भट्टी से बनी मदिरा और करीब 1400 किलोग्राम लहान बरामद की गई।

टीम ने जब्त लहान को आबकारी नियमों के तहत नष्ट करने तथा मदिरा को सुरक्षित कब्जे में लेने की कार्रवाई की। मामले में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत दो आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आमजन से मिल रही शिकायतों और सूचनाओं के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।