,

शिवपुरी में दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप, महिला के गले पर ब्लेड से हमला, बचने हाथ बढ़ाया तो हाथ कटा / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के सईसपुरा क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक महिला के साथ मारपीट और ब्लेड से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल महिला चंदा शाक्य, निवासी सईसपुरा थाना फिजिकल, को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, चंदा शाक्य की शादी शिवपुरी निवासी संजय शाक्य से हुई थी। चंदा के माता-पिता का बचपन में ही निधन हो गया था, जिसके बाद उसकी मामा ने उसका पालन-पोषण कर शादी की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन उससे पैसों की मांग करते हुए प्रताड़ित करते थे। महिला के अनुसार, वह दो से तीन बार रुपये भी दे चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद उससे बार-बार पैसों की मांग की जा रही थी।

बताया जा रहा है कि शनिवार शाम पति संजय शाक्य और परिवार की अन्य महिलाओं के साथ विवाद के दौरान सास कलावती और मयूरी मौसी ने कथित तौर पर ब्लेड से चंदा के गले पर हमला कर दिया। बचाव में चंदा ने अपना दायां हाथ गले पर रखा, जिससे ब्लेड उसके हाथ पर लग गया और हाथ कट गया।

घटना के बाद घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच से संबंधित जानकारी सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।