शिवपुरी। जिले के करैरा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा शुरू होने से ठीक पहले रविवार दोपहर करीब 3:10 बजे पंडाल के डोम के ऊपरी हिस्से में अचानक आग लग गई। घटना के समय पंडाल में सैकड़ों श्रद्धालु कथा शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। आग दिखाई देते ही मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट और स्पार्किंग के कारण सजावट में लगे पर्दों ने आग पकड़ ली। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने सीढ़ी लगाकर फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से करीब 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझने से पंडाल में भगदड़ या अफरा-तफरी की स्थिति नहीं बनी।
करैरा के बगीचा धाम स्थित श्रीराम राजा सरकार धाम में 24 से 30 अक्टूबर तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए करीब 26 बीघा जमीन पर विशाल डोम तैयार किया गया है। आयोजकों के अनुसार, इसमें एक साथ करीब दो लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था है। वहीं, श्रद्धालुओं के भोजन के लिए अलग से 8 बीघा जमीन पर विशाल भोजनशाला बनाई गई है।
कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। आयोजन स्थल पर 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। रविवार को आग लगने की घटना के दौरान जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोक दिया।
फिलहाल, शुरुआती जानकारी में बिजली के तारों में स्पार्किंग को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।
करैरा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के पंडाल में लगी आग, 15 मिनट में पाया काबू / Shivpuri News



