,

3 किलो मिर्ची की बोरी चोरी कर ले गया युवक, CCTV से खुला राज; दोबारा दुकान के सामने आया तो पकड़ा गया / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के मनियर क्षेत्र में मिर्ची चोरी का एक रोचक मामला सामने आया है। मनियर से नवाब साहब रोड पर नाले के पास आटा-मसाला पीसने की चक्की चलाने वाले लाखन कुशवाह की दुकान से दो दिन पहले मिर्ची से भरी करीब 3 किलो की बोरी चोरी हो गई थी। दुकान संचालक ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो एक युवक बोरी ले जाते हुए दिखाई दिया।

रविवार को किस्मत ने कथित आरोपी को फिर उसी दुकान के पास पहुंचा दिया। दुकान संचालक ने सीसीटीवी फुटेज में दिखे युवक को पहचान लिया और पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने पहले अपना नाम शिवम बताया और खुद को सतनवाड़ा का निवासी बताया। बाद में उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां उसकी पहचान अनिल उर्फ गोलू व्यास के रूप में हुई।

दुकान संचालक के मुताबिक, पूछताछ के दौरान युवक ने स्मैक के नशे का आदी होने की बात कही। उसने मनियर निवासी मनोज कुचमुंदिया से स्मैक खरीदने की बात भी बताई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

कोतवाली थाने के एसआई सुमित शर्मा के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी अनिल उर्फ गोलू व्यास नशे का आदी है और पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई कर रही है।