शिवपुरी। जिले में अवैध शराब की बिक्री को लेकर विरोध और शिकायतों का मामला सामने आया है। करेरा तहसील के ग्राम समूहा की महिलाओं ने ठेकेदार के कर्मचारी सुरेन्द्र राय और उसके एक साथी पर अवैध शराब पकड़ने के बाद मारपीट व गाली-गलौज करने के आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर से शिकायत की है। महिलाओं ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, मनपुरा के खेवटवारी एवं भूख-हड़ताल पर बैठे ग्रामीणों ने भी अपनी मांगों को लेकर आवेदन सौंपा है।
जानकारी के मुताबिक, 29 सितंबर को ठेकेदार का कर्मचारी सुरेन्द्र राय पुत्र बद्री प्रसाद राय अपने एक अन्य साथी के साथ कथित तौर पर 10 पेटी शराब लेकर गांव में बिक्री करने पहुंचा था। महिलाओं का कहना है कि उन्होंने गांव में अवैध शराब बेचने का विरोध किया और शराब पकड़कर अपने कब्जे में ले ली।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इससे नाराज होकर सुरेन्द्र राय और उसके साथी ने महिलाओं के साथ गाली-गलौज की तथा लात-घूंसों और डंडे से मारपीट की। महिलाओं के मुताबिक, घटना में कई महिलाओं को चोटें आईं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना देकर जब्त शराब पुलिस के सुपुर्द कर दी।
महिलाओं ने जिला कलेक्टर को दिए आवेदन में सुरेन्द्र राय और उसके साथी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज तथा अवैध शराब बिक्री के मामले में FIR दर्ज करने की मांग की है।





