शिवपुरी। झांसी तिराहे स्थित गांधी पेट्रोल पंप पर कार्रवाई को लेकर सोमवार को नगर पालिका और पेट्रोल पंप संचालक के बीच जमकर विवाद की स्थिति बन गई। नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा के नेतृत्व में नगर पालिका का अमला जेसीबी और डंपर लेकर पेट्रोल पंप पहुंचा था। टीम द्वारा कार्रवाई की तैयारी शुरू किए जाने के बाद पंप कर्मचारियों और संचालक समीर गांधी की ओर से इसका विरोध किया गया।
पेट्रोल पंप संचालक समीर गांधी और कर्मचारियों का कहना था कि मामले को लेकर उनके अधिवक्ता द्वारा सुप्रीम कोर्ट में पैरवी की जा रही है और प्रकरण अभी विचाराधीन है। संचालक के अनुसार, उनके वकील ने सोमवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें जानकारी दी कि सुप्रीम कोर्ट में मामले को मेंशन किया गया है और नगर पालिका द्वारा पेट्रोल पंप पर कार्रवाई नहीं की जा सकती। हालांकि नगर पालिका के अधिकारियों के पास सुप्रीम कोर्ट से संबंधित ऐसा कोई पत्र उपलब्ध नहीं था।
नगर पालिका की ओर से बताया गया कि कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के आधार पर की जा रही है। इसी आदेश के तहत नगर पालिका का अमला जेसीबी और डंपर लेकर पेट्रोल पंप पहुंचा था। नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा भी मौके पर मौजूद रहीं और कार्रवाई पूरी होने तक वहां से नहीं हटने की बात कही।
जेसीबी के सामने लेट गए कर्मचारी
कार्रवाई शुरू होने की स्थिति बनते ही पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध के दौरान कुछ कर्मचारी जेसीबी के सामने लेट गए और कार्रवाई रोकने की मांग की। कर्मचारियों का कहना था कि पेट्रोल पंप से करीब 200 से 250 लोगों की रोजी-रोटी जुड़ी हुई है। यदि पंप पर कार्रवाई होती है तो कर्मचारियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा।
मौके पर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और विरोध चलता रहा। नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने भी स्पष्ट रूप से कहा कि कार्रवाई पूरी होने तक वह मौके से नहीं हटेंगी और जरूरत पड़ी तो वहीं बैठकर कार्रवाई का इंतजार करेंगी।
हालांकि दिनभर चले विरोध और विवाद के बाद नगर पालिका की टीम पेट्रोल पंप पर बिना कार्रवाई किए ही वापस लौट गई। अब इस पूरे मामले में हाईकोर्ट के आदेश, सुप्रीम कोर्ट में चल रही कार्यवाही और नगर पालिका द्वारा प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर स्थिति आगे स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल गांधी पेट्रोल पंप पर कार्रवाई टल गई है, लेकिन नगर पालिका और पेट्रोल पंप संचालक के बीच विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है।








