,

सुभाषपुरा थाने में मोनू रजक से मारपीट के आरोपों पर गरमाया मामला, 7 दिन का अल्टीमेटम; कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी / Shivpuri News

शिवपुरी। सुभाषपुरा थाना पुलिस पर युवक को थाने में ले जाकर बेरहमी से मारपीट करने के लगाए गए आरोपों के बाद मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। फिजीकल रोड निवासी मोनू रजक ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर राघवेन्द्र चौहान सहित पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसे चोरी कबूल करने के लिए दबाव बनाया गया और डंडों-पट्टों से मारपीट कर प्रताड़ित किया गया।

मोनू रजक के मुताबिक 2 अक्टूबर को उसे फोन कर थाने बुलाया गया था। इसके बाद उसे स्कॉर्पियो में बैठाकर सुभाषपुरा थाने ले जाया गया। शिकायत में आरोप है कि वहां उसे पुराने खंडहर में ले जाकर मातादीन अग्रवाल के यहां हुई चोरी कबूल करने का दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि उसके साथ दिन-रात मारपीट की गई और हालत बिगड़ने के बाद भी प्रताड़ना जारी रही।

मोनू ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, थाने और संबंधित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज, बातचीत एवं रिकॉर्डिंग की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई के लिए 7 दिन का समय मांगा गया है। शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि यदि निर्धारित समय में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।