शिवपुरी। गांधी जयंती के अवसर पर फतेहपुर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में जनजाति कार्य विभाग द्वारा विशेष अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक देवेन्द्र जैन और कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की मौजूदगी में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत विनीता लोधी और रोहित चिड़ार को 2.50 लाख रुपये की स्वीकृत राशि व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं संत रविदास योजना के तहत नरेंद्र शाक्य को ई-रिक्शा से स्वरोजगार के लिए 1.95 लाख रुपये की स्वीकृति और प्रमाण पत्र दिया गया।
छात्रों की मांग पर क्रिकेट किट, फुटबॉल और बैडमिंटन सामग्री भी वितरित की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यालय के बच्चों के साथ सहभोज किया और उनसे पढ़ाई, खेलकूद तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर संवाद किया।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जनपद पंचायत शिवपुरी अध्यक्ष हेमलता रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष राजू बाथम, पार्षद सुधीर आर्य, जिला संयोजक जनजाति कार्य विभाग महेन्द्र श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।






