शिवपुरी। करैरा पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 315 बोर के देशी कट्टे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गैस गोदाम के पास हाईवे रोड करैरा पर एक युवक अवैध कट्टा लेकर बैठा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सनी प्रजापति पुत्र जरदान प्रजापति, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 4, सब्जी मंडी के पास, करैरा रोड भितरवार, थाना भितरवार, जिला ग्वालियर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी कमर के पीछे पेंट में 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। लाइसेंस मांगने पर आरोपी ने लाइसेंस नहीं होना बताया।
पुलिस ने कट्टा और कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 692/26, धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश, एएसपी आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई और पुलिस टीम द्वारा की गई।




