,

बिजली विभाग में ईको गाड़ी लगवाने का दावा, 15,150 लिए; गाड़ी भी नहीं लगी, रकम भी नहीं लौटी, कलेक्टर से शिकायत / Shivpuri News

शिवपुरी। लालमाटी निवासी आरिफ शाह ने मगरौनी निवासी अजय रावत पर ईको गाड़ी को मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में किराये पर लगवाने के नाम पर 15,150 लेने और बाद में रकम वापस नहीं करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर आरिफ शाह ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर कार्रवाई और अपने दस्तावेज वापस दिलाने की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक आरिफ अपनी ईको गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। आरोप है कि अजय रावत ने गाड़ी बिजली विभाग में किराये पर लगवाने की बात कहते हुए 10,000 नकद और 5,150 फोन-पे के जरिए तीन बार में लिए। अजय ने कथित तौर पर पांच दिन में गाड़ी लगवाने की बात कही थी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी गाड़ी किराये पर नहीं लगी और रकम भी वापस नहीं की गई।

आरिफ का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर अजय टालमटोल करने लगा और ज्यादा दबाव बनाने पर गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अजय ने आरिफ के आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन बीमा, आरसी, परिवार समग्र आईडी, पैन कार्ड और बैंक पासबुक सहित दस्तावेज लिए हैं। आवेदक ने दो-तीन बार ओटीपी लिए जाने का भी उल्लेख किया है।

आरिफ ने बताया कि इस संबंध में 12 सितंबर 2026 को कोतवाली थाने में आवेदन दिया था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए अब एसपी से शिकायत की है। उन्होंने मामले की जांच, 15,150 वापस दिलाने, दस्तावेज लौटाने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।