,

गणेश विसर्जन के बीच तालाब में डूबा मूकबधिर युवक, सुबह बेलों में फंसा मिला 25 वर्षीय हरगोविंद का शव / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के पोहरी नगर परिषद के वार्ड क्रमांक-2 स्थित नानोरा गांव में बुधवार रात तालाब में डूबे 25 वर्षीय युवक का शव गुरुवार सुबह पुलिस ने बरामद कर लिया। मृतक की पहचान हरगोविंद जाटव पुत्र अंतु जाटव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार हरगोविंद मूकबधिर था।

जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 10 बजे के बाद हरगोविंद तालाब के दूसरे हिस्से में शौच के लिए गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह तालाब में जा गिरा। घटना के समय तालाब के दूसरे छोर पर गणेश विसर्जन कार्यक्रम चल रहा था। वहां मौजूद लोगों ने युवक को तालाब में गिरते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पोहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रात में ही युवक की तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसका पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह पुलिस ने दोबारा तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान युवक का शव तालाब में कुछ दूरी पर पानी में फैली बेलों के बीच फंसा मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पोहरी थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।


संबंधित खबरें