शिवपुरी। अनुसूचित जाति शिल्पकार कन्या हॉस्टल की अधीक्षिका मोनिका तोमर पर छात्रा मंजू जाटव ने मारपीट और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। कलेक्टर को दिए शिकायत आवेदन के बाद सामने आए छात्रा के कथित बयान ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
मंजू जाटव के अनुसार, उसे किचिन में ले जाकर बाल पकड़कर पीटा गया। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि हॉस्टल में अन्य छात्राओं के साथ भी मारपीट की गई है। घटना को लेकर छात्रा ने खुद को मानसिक रूप से परेशान और हॉस्टल परिसर में असुरक्षित महसूस करने की बात कही है।
शिकायत के मुताबिक घटना 23 सितंबर 2026 की है। छात्रा का आरोप है कि अधीक्षिका ने उसके साथ गाली-गलौज की, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और फिर मारपीट की। मामले में छात्रा ने जिला कलेक्टर से निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
छात्रा के आरोपों के बाद हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं की सुरक्षा और पूरे घटनाक्रम की जांच को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब प्रशासनिक जांच में यह स्पष्ट होना है कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और घटना के लिए कौन जिम्मेदार है।




