,

टूटी पुलिया के गड्ढे में मिट्टी भरकर सीसी सड़क बनाने की तैयारी, ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल / Shivpuri News

पोहरी। निर्माण कार्य में लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। निर्माणाधीन मार्ग के बीच पुलिया का हिस्सा टूटने से बने बड़े गड्ढे के बावजूद कथित तौर पर उसकी मरम्मत किए बिना गड्ढे में मिट्टी भरकर ऊपर बेस तैयार कर सीसी सड़क बनाने की तैयारी की जा रही है। इस कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया का हिस्सा बीच से क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़क के नीचे बड़ा गड्ढा बन गया है। ऐसे में पहले पुलिया की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित किया जाना जरूरी है, लेकिन आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा गड्ढे में मिट्टी डालकर उसे भरने के बाद उसके ऊपर बेस तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि यदि क्षतिग्रस्त पुलिया की तकनीकी रूप से मरम्मत किए बिना उसके ऊपर सीसी सड़क बना दी गई तो भविष्य में सड़क धंसने या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति बन सकती है।

भारी वाहन गुजरने पर हादसे का खतरा

स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुलिया के ऊपर से भारी वाहन गुजरने की स्थिति में खतरा और बढ़ सकता है। पुलिया के नीचे बने बड़े गड्ढे और कमजोर हिस्से के चलते सड़क धंसने अथवा वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को लेकर तत्काल जांच और मौके के निरीक्षण की मांग की है।

पत्रकार संघ ने एसडीएम से की शिकायत

मामले को लेकर पत्रकार संघ सहित क्षेत्रवासियों ने पोहरी एसडीएम जेपी गुप्ता से शिकायत कर मौके का निरीक्षण कराने और निर्माण कार्य की जांच की मांग की है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पहले टूटी पुलिया को तकनीकी मानकों के अनुसार दुरुस्त कराया जाए और उसकी मजबूती सुनिश्चित होने के बाद ही बेस एवं सीसी निर्माण का कार्य कराया जाए।

लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता और उपयोग की जा रही सामग्री की जांच कराने के साथ ही यदि नियमों की अनदेखी पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।


संबंधित खबरें