शिवपुरी जिले में शराबबंदी की मांग को लेकर महिलाओं का आक्रोश लगातार सामने आ रहा है। बुधवार दोपहर पिछोर क्षेत्र के गूगरी गांव में महिलाओं ने शराब बिक्री के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ महिलाएं अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाने के लिए मोबाइल टॉवर पर चढ़ गईं, जबकि कुछ महिलाएं टॉवर के नीचे बैठकर शराबबंदी की मांग करती रहीं। महिलाओं के टॉवर पर चढ़ने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
गांव की महिला विनीता ने बताया कि गूगरी में किसी भी शराब दुकान का लाइसेंस नहीं है, इसके बावजूद गांव में देशी और कच्ची शराब आसानी से मिल जाती है। महिलाओं का आरोप है कि शराब पीकर घर लौटने के बाद कई पुरुष परिवार में विवाद करते हैं। इसका असर महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है और मारपीट के साथ आए दिन घरेलू कलह की स्थिति बनती है।
महिलाओं का कहना था कि कई बार समस्या उठाने के बावजूद गांव में शराब की उपलब्धता पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है। इसी से परेशान होकर उन्होंने बुधवार को सामूहिक रूप से विरोध जताया। टॉवर पर चढ़ी महिलाओं ने शराब बिक्री बंद कराने और गांव को शराब से मुक्त कराने की मांग रखी।
जिले में पहले भी हो चुके हैं प्रदर्शन
शराब के खिलाफ शिवपुरी जिले में पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं के प्रदर्शन सामने आ रहे हैं। कहीं महिलाओं ने शराब दुकानों के बाहर प्रदर्शन किया तो कहीं दुकानों में रखी शराब की बोतलें बाहर निकालकर विरोध जताया। कुछ मामलों में तोड़फोड़ और शराब में आग लगाने की घटनाएं भी सामने आईं। इन मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।
प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई के बावजूद ग्रामीण इलाकों में शराबबंदी को लेकर विरोध थम नहीं रहा है। गूगरी में बुधवार को महिलाओं का टॉवर पर चढ़ना इसी सिलसिले में सामने आया एक नया मामला रहा।
समझाइश के बाद नीचे उतरीं महिलाएं
महिलाओं के टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने महिलाओं से बातचीत कर उनकी मांग सुनी और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। समझाइश के बाद टॉवर पर चढ़ी महिलाएं नीचे उतर आईं।




