शिवपुरी। ग्राम रोजगार सहायक संघ, मनरेगा ग्राम रोजगार सहायक महासंघ एवं पंचायत सहायक सचिव कर्मचारी संघ संयुक्त मोर्चा मध्यप्रदेश ने अपनी लंबित मांगों के निराकरण को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्राम रोजगार सहायकों (पदेन सहायक सचिव) का पंचायत सहायक सचिव के पद पर आमेलन कराने तथा मुख्यमंत्री की घोषणा क्रमांक सी-2494 दिनांक 28 जून 2023 के पालन में पंचायत सचिवों के समान सभी सुविधाओं का लाभ दिलाने की मांग की गई है। संगठन ने 1 अक्टूबर 2026 तक मांगों पर आदेश जारी नहीं होने की स्थिति में 2 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
संयुक्त मोर्चा ने ज्ञापन में कहा कि मध्यप्रदेश के करीब 23 हजार ग्राम रोजगार सहायकों ने सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके बावजूद लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है। संगठन ने कार्य की अधिकता के कारण दिवंगत हुए कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को अनुग्रह सहायता और अनुकम्पा नियुक्ति का लाभ नहीं मिलने का भी उल्लेख किया है। ज्ञापन में कहा गया कि मांगों को लेकर शासन-प्रशासन को समय-समय पर आवेदन, निवेदन और ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक अपेक्षित निराकरण नहीं हुआ है।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री की 28 जून 2023 की घोषणा, शासन स्तर पर गठित समितियों, विभागीय बैठकों और कर्मचारी संगठनों के साथ हुई वार्ताओं का हवाला देते हुए मांगों पर शीघ्र आदेश जारी करने का आग्रह किया गया है। संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी दी है कि 1 अक्टूबर तक मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो 2 अक्टूबर 2026 से कलमबंद हड़ताल, कंप्यूटर बंद, धरना प्रदर्शन, भूख हड़ताल और आमरण अनशन सहित चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।






